हिमखबर डेस्क
गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजिज, हमीरपुर कैंपस के ओपन एयर थिएटर में 18 सितंबर 2026 को नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर्स पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में गौतम ग्रुप ऑफ कॉलेजिज के प्रबंध निदेशक श्री जगदीश गौतम उपस्थित रहे। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व, रचनात्मकता एवं प्रतिभा के विकास के लिए भी विभिन्न मंच प्रदान करता है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, रैंप वॉक एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। फ्रेशर्स पार्टी के निर्णायक मंडल में श्रीमती वाटिका सूद, श्री दयाल प्रसाद एवं श्रीमती अरुण लता शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, प्रतिभा, प्रस्तुति एवं रैंप वॉक के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता में एम.एससी. गणित की वंशिका को मिस फ्रेशर, जबकि बी. फार्मेसी के राम को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इसी प्रकार एम.एससी. जूलॉजी की हिमानी ने मिस पर्सनैलिटी तथा एम.एससी. कैमिस्ट्री के मल्हार ने मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब अपने नाम किया।
फ्रेशर्स पार्टी में सुप्रिया प्रथम रनर-अप, अंचल द्वितीय रनर-अप तथा नेहा तृतीय रनर-अप रहीं, जबकि संजना ने भी शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर श्री राजनेश गौतम, सचिव; श्री अरुणीश गौतम; डॉ. मीनाक्षी गौतम; डॉ. राज कुमार, प्रधानाचार्य; डॉ. संजय कुमार, प्रधानाचार्य, फार्मेसी; तथा डॉ. नीता ठाकुर, प्रधानाचार्य, नर्सिंग सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं समापन पर कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विनय कुमार एवं सह-समन्वयक श्री सुधीर ने मुख्य अतिथि, निर्णायक मंडल, महाविद्यालय प्रबंधन, सभी शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
अंत में महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्यों ने सभी नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।

