लहरों पर साहस की गाथा लिखकर ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ का शिक्षा मंत्री ने लुहणू घाट पर किया समापन

--Advertisement--

कैंप के बारहवें दिन कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने सभी कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने कैडेट्स को अभियान के दौरान सीखे गए अनुशासन, साहस, नेतृत्व, टीम भावना और सेवा के मूल्यों को अपने व्यक्तिगत जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इन अनुभवों का लाभ केवल स्वयं तक सीमित न रखते हुए समाज के हित में भी उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कैडेट्स से राष्ट्रनिर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने लुहणू घाट पर किया 12 दिवसीय अभियान का समापन, उत्कृष्ट कैडेट्स और एएनओ सम्मानित, देर रात तक चला कार्यक्रम

हिमखबर डेस्क

गोबिंद सागर झील में आयोजित 12 दिवसीय ‘संकल्प सेलिंग एक्सपीडिशन-2026’ का शुक्रवार को लुहणू घाट पर भव्य समापन हुआ। हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री रोहित ठाकुर ने फ्लैग-इन सेरेमनी के दौरान अभियान का विधिवत समापन किया।

पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के करीब 70 एनसीसी कैडेट्स ने अभियान में भाग लेते हुए गोबिंद सागर झील में लगभग 330 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान कैडेट्स ने साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का परिचय दिया। सेलिंग के साथ-साथ टीबी मुक्त भारत, स्वच्छ भारत, पुनीत सागर और महिला सशक्तीकरण से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं।

एनसीसी युवाओं में अनुशासन और राष्ट्रभावना का करती है निर्माण : रोहित ठाकुर

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के दौरान प्राप्त अनुभवों और जीवन मूल्यों को कैडेट्स को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि वे समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है। उन्हें व्यावहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास, कौशल विकास और निर्णय लेने की क्षमता से भी समृद्ध करना आवश्यक है। एनसीसी जैसी गतिविधियां युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।

शिक्षा मंत्री ने अभियान के दौरान कैडेट्स द्वारा स्वच्छता, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, महिला सशक्तीकरण और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं।

वीर योद्धाओं की गाथाओं से प्रेरणा लेने का आह्वान

रोहित ठाकुर ने कैडेट्स को देश के वीर योद्धाओं के साहस और बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने मेजर सोमनाथ शर्मा, सूबेदार मेजर धन सिंह थापा, कैप्टन विक्रम बत्रा तथा बिलासपुर की वीरभूमि से जुड़े मेजर जोरावर सिंह जैसे वीरों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का उल्लेख करते हुए युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स को अपने जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना को निरंतर मजबूत करना चाहिए।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स सम्मानित

समारोह में बेस्ट पुलर एसडी का पुरस्कार पीओ कैडेट अर्पित पाटियाल तथा बेस्ट पुलर एसडब्ल्यू का पुरस्कार कैडेट दिया को मिला। बेस्ट बोट का पुरस्कार ‘ब्यास’ को प्रदान किया गया। वहीं, बेस्ट एसडी कैडेट कैडेट आर्यन और बेस्ट एसडब्ल्यू कैडेट कैडेट मीनाक्षी चुनी गईं।

समापन समारोह के उपरांत बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन के ऑडिटोरियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न राज्यों से आए एनसीसी कैडेट्स ने हिमाचली नाटी, हरियाणवी नृत्य और गिद्दा सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर देश की सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक प्रस्तुत की।

सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बिलासपुर महाविद्यालय

गिद्दा/नाटी की प्रस्तुति के लिए प्रथम तथा जे एन वीे कोठीपुरा ने हरियाणवी नृत्य के लिए द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए एएनओ सब लेफ्टिनेंट सुरेश जामवाल और एएनओ अब्दुल मजीद को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने सम्मानित किया। समापन अवसर पर शिक्षा मंत्री ने कैडेट्स के साहस, अनुशासन, समर्पण और सामाजिक जागरूकता के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

ये रहे उपस्तिथ

इस अवसर पर पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, बंबर ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान, ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह, कर्नल जी.पी. सिंह, कर्नल आदित्य वर्मा, 1 एच पी नेवल यूनिट एनसीसी बिलासपुर के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार, एनसीसी अधिकारी, एएनओ, प्रशिक्षक, कैडेट्स और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

--Advertisement--
--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related