नशा तस्करों की कमर आर्थिक रूप से तोडऩे की दिशा में बद्दी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नालागढ़ थाना में दर्ज दो एनडीपीएस मामलों में आरोपियों और उनके परिजनों के नाम की करीब 1.49 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है।
एक मामले में 45.73 लाख रुपए के वाहन, दुकान और मकान, जबकि दूसरे मामले में न्यू नालागढ़ क्षेत्र में करीब 1.03 करोड़ रुपए कीमत का मकान और प्लॉट शामिल है।
पहला मामला 22 फरवरी, 2023 को थाना नालागढ़ में दर्ज किया है। इसमें पुलिस ने आरोपी गगनदीप वर्मा उर्फ बिल्ला निवासी दत्तोवाल नालागढ़ के कब्जे से 6.53 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की थी।
मामले की वित्तीय जांच के दौरान आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर करीब 45.73 लाख रुपए की संपत्ति सामने आई। इसमें 53 हजार रुपए कीमत की होंडा एक्टिवा स्कूटी, करीब 17.20 लाख रुपए की दो अल्ट्रोज कारें, 9.50 लाख की हुंडई वरना कार, दत्तोवाल स्थित करीब 12.50 लाख रुपए की दुकान और छह लाख रुपए कीमत का मकान शामिल है। पुलिस ने इन संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है।

दूसरा मामला सात मार्च, 2025 को थाना नालागढ़ में दर्ज किया गया। इसमें आरोपी सुरजन कुमार निवासी बीड़ प्लास मंझौली नालागढ़ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में 9.56 ग्राम हेरोइन और 77.770 ग्राम चरस बरामद की थी।
वित्तीय जांच में आरोपी की पत्नी पूनम कौंडल के नाम पर अभिपुर फेज-दो, न्यू नालागढ़ कालोनी में आठ मरले के प्लॉट पर निर्मित मकान का पता चला। प्लॉट की कीमत करीब तीन लाख रुपए है, निर्माणाधीन मकान का अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक करोड़ रुपए आंका गया है।
इस तरह करीब 1.03 करोड़ रुपए की इस संपत्ति को भी फ्रीज किया गया है। दोनों मामलों में बद्दी पुलिस ने कुल करीब 1.49 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्ति पर कार्रवाई की है।
अवैध कारोबार से बनाई संपत्तियों की पहचान
पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि नशा तस्करी के मामलों में कार्रवाई अब केवल गिरफ्तारी और मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है। नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उनकी वित्तीय जांच की जा रही है और कानून के अनुसार उन्हें फ्रीज अथवा जब्त किया जा रहा है। आर्थिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

