गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले समाजसेवी केडी राणा की तबीयत गंभीर है। उनका DMC लुधियाना में उपचार जारी है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए क्षेत्र के लोगों ने दुआएं मांगी हैं।
शाहपुर – नितिश पठानियां
समाजसेवा के क्षेत्र में लंबे समय से जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सक्रिय समाजसेवी केडी राणा (KD Rana) इन दिनों स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानी से गुजर रहे हैं। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
प्रारंभिक उपचार टांडा मेडिकल कॉलेज में करवाने के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए मैक्स अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने पर वह घर लौटे, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अब डीएमसी अस्पताल, लुधियाना में उनका उपचार चल रहा है।
केडी राणा को क्षेत्र में गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए जाना जाता है। उन्होंने अब तक करीब 45 गरीब बेटियों के विवाह के लिए राशन एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध करवाने में सहयोग किया है। इसके अलावा कई जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और पालन-पोषण में सहायता की है तथा गरीब परिवारों के लिए आशियाने बनवाने में भी सहयोग किया है।
जरूरतमंद विद्यार्थियों की पढ़ाई में मदद करना, गरीब परिवारों को लंबे समय तक राशन उपलब्ध करवाना तथा जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रयास करना भी उनकी समाजसेवा का हिस्सा रहा है। घर बनाने से लेकर शौचालय निर्माण जैसी जरूरतों में भी उन्होंने लोगों की मदद की है।
बीमारी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों को अपनी ओर से आर्थिक सहायता देने के साथ-साथ सोशल मीडिया के माध्यम से भी उनके उपचार के लिए सहयोग जुटाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कई जरूरतमंद परिवारों के लिए वह मुश्किल समय में सहारा बने हैं।
आज वही समाजसेवी खुद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। बताया जाता है कि वह रोजमर्रा की तरह अपने कार्यालय का कार्य कर रहे थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। वर्तमान में डीएमसी लुधियाना में उनका उपचार चल रहा है।
केडी राणा के स्वास्थ्य को लेकर उनके सहयोगियों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल है। लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि जो व्यक्ति वर्षों से दूसरों के सुख-दुख में खड़ा रहा, आज उसके लिए समाज को भी एकजुट होकर दुआ करनी चाहिए।
लोगों ने डीएमसी लुधियाना के चिकित्सकों और प्रबंधन से भी अपील की है कि केडी राणा के उपचार में पूरी गंभीरता और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि वह जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौट सकें और फिर से जरूरतमंद लोगों की सेवा में जुट सकें।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि समाज को ऐसे सेवाभावी लोगों की हमेशा जरूरत रहती है। केडी राणा के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर कोई उनके साथ खड़ा है और उनके लिए दुआ कर रहा है।

