हिमाचल में पत्नी से कहासुनी के बाद पति ने ब्यास नदी किनारे कथित तौर पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमखबर डेस्क
कुल्लू के भुंतर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने ब्यास नदी किनारे पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 45 वर्षीय संतोष सिंह निवासी गुमला, झारखंड के रूप में हुई है, जो वर्तमान में शमशी जिला कुल्लू में रह रहा था।
घटना बुधवार 19 अगस्त की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार संतोष सिंह की घर में पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह घर से बाहर चला गया। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान ब्यास नदी किनारे एक पेड़ से संतोष सिंह का शव फंदे से लटका हुआ मिला। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद भुंतर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने बताया कि भुंतर थाना पुलिस ने घटना के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई है।

