हिमखबर डेस्क
जानवरों में भी मां का प्यार बहुत गहरा और अनमोल होता है। जानवर भी अपने बच्चों की जान बचाने के लिए अपनी जान तक दांव पर लगा देते हैं।
मां की ममता का ऐसा ही एक अद्भुत दृश्य उपमंडल गगरेट की ग्राम पंचायत संघनेई में देखने को मिला। जहां रात को एक गर्भवती कुतिया को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दर्द से तड़पती हुई इस बेसहारा कुतिया ने अपने ही दांतों से अपना पेट फाड़ लिया और 6 पिल्लों को जन्म दिया।
घटना की सूचना मिलते ही शहीद भगत सिंह क्लब गगरेट के प्रधान मुनीष ठाकुर, आकाश कुमार और शम्मी सिंह घटना स्थल पर पहुंचे लेकिन तब तक इस बेजुवान ने दम तोड़ दिया था।
फिलहाल संघनेई निवासी विनोद कुमार ने इन पिल्लों को अपने घर पर रखा है और दूध पिला रहे हैं।
मौके पर मौजूद सुनील चौधरी, कर्ण राणा, रीटा रानी, सुनैना देवी और तनीषा ने कहा कि वे इस कुतिया की ममता को देखकर हैरान हो गए।
क्लब के प्रधान मुनीष ठाकुर ने लोगों से आग्रह किया कि अपनी गाड़ी आराम से चलाएं, ताकि किसी के बच्चे मां से दूर न हों।
क्लब के सदस्य शम्मी सिंह ने कहा कि वह 12 वर्षों से बेसहारा पशुओं की सेवा कर रहे हैं लेकिन आज मां की ममता का दर्दनाक दृश्य देखकर हैरान हूं।

