हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक के मुख्य कार्यालय मंडी में एम-स्वास्थ्य के सहयोग से एक स्वास्थ्य जागरूकता सह डायग्नोस्टिक कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप में मुख्य कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा स्वास्थ्य जांच एवं डायग्नोस्टिक सुविधाओं का लाभ उठाया।
इस शिविर का उद्देश्य कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा नियमित स्वास्थ्य जांच को प्रोत्साहित करना था। इस दौरान दो डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ एवं एम-स्वास्थ्य की फील्ड टीम की उपस्थिति में विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं तथा प्रतिभागियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया गया।
बैंक के महाप्रबंधक कर्मवीर सिंह शेखावत ने भी कैंप में भाग लेकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। उन्होंने कर्मचारियों के स्वास्थ्य हित में इस प्रकार की पहल करने के लिए एम-स्वास्थ्य के प्रयासों की सराहना की।
संस्था द्वारा हिमाचल प्रदेश ग्रामीण बैंक की प्रत्येक शाखा में इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं डायग्नोस्टिक कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि बैंक ग्राहकों एवं आम जनता में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को प्रोत्साहित किया जा सके।

