बुजुर्ग ने युवती से कथित शादी करने के बाद रिसेप्शन दिया और अपनी नई नवेली दुल्हन के साथ जमकर नाटी डाली
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में एक अनोखा शादी का मामला सामने आया है, इस शादी की चर्चा देश भर में हो रही है। जिला कुल्लू के उपमंडल बंजार में एक 66 साल के व्यक्ति ने उम्र की दीवार लांघकर 35 साल की युवती के साथ कथित शादी की है।दोनों की शादी के फोटो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहे हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया में लोग इस फैसले की सराहना भी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि प्यार करने की कोई उम्र नहीं होती है।
ऐसे में सभी लोग दोनों के सफल वैवाहिक जीवन की भी कामना कर रहे हैं। वही शादी करने वाले व्यक्ति के द्वारा बीते दिनों ही अपनी शादी की धाम भी ग्रामीणों को दी गई और सोशल मीडिया में दुल्हा और दुल्हन के नाचने का वीडियो भी वायरल हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र के थरिम्बला गांव के रहने वाले 66 वर्षीय सोम देव ने सैंज घाटी की रहने वाली 35 वर्षीय महिला के साथ शादी की है। शादी करीब एक महीने पहले की बताई जा रही है। अब इस शादी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही हैं।

वहीं, सोशल मीडिया में जारी एक वीडियो में बुजुर्ग सोम देव खुद बता रहे हैं, उन्होंने महिला के साथ शादी की है। एक महिला दोनों से सवाल जवाब करती है। महिला बुजुर्ग से पूछती है कि आप दोनों का क्या रिश्ता है तो सोम देव कहते हैं कि वह दोनों पति पत्नी है।
उनकी उम्र 66 साल और पत्नी की उम्र 35 साल है। बुजुर्ग सोम देव ने बताया कि उनकी दुल्हन सैंज के तरमेड़ा की रहने वाली है। इस दौरान महिला दोनों को खुश रहने की बात कहती है। साथ ही वह महिला नई नवेली दुल्हन से अपने पति की सेवा करने को कहती है।
वहीं, स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दिनों थिरमला गांव में शादी की धाम रखी गई थी। इसमें दोनों पति-पत्नी ने एक-दूसरे का हाथ पकड़ नाटी डाली थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि, सोम देव के माता पिता की मौत हो चुकी है और वह अकेला रहता है। उसका एक भाई भी है जो अलग रहता है। ऐसे में सोम देव की शादी की चर्चा पूरे इलाके में है। सोशल मीडिया में भी लोग दोनों के सफल वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।

