हिमखबर डेस्क
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सोमवार सुबह रामनगर से उधमपुर जा रही एक बस के गहरी खाई में गिर जाने से कम से कम 16 यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों को ले जा रही बस जिले की रामनगर तहसील के कानोटे मोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार इस दुर्घटना में 16 यात्रियों की मौत हो गई और कई घायल हो गए।
पुलिस, स्थानीय लोग और सेना के जवानों ने दुर्घटना के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू कर दिया। घायलों को उधमपुर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि अभी-अभी उधमपुर के डीसी मिंगा शेरपा से बात की, क्योंकि मुझे एक घंटे से भी कम समय पहले कानोटे गांव में रामनगर से उधमपुर जा रही एक सार्वजनिक परिवहन बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
उन्होंने कहा कि बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया है। कई लोगों के हताहत होने की आशंका है। पीडि़तों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
घायलों को चिकित्सा सहायता के लिए अस्पताल ले जाया जाएगा। गंभीर रूप से घायलों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था की जा रही है।
डॉ. सिंह ने लिखा कि मैं स्थानीय प्रशासन और राजिंदर शर्मा के नेतृत्व में हमारी स्थानीय कार्यकर्ताओं की टीम के साथ लगातार संपर्क में हूं।
इस बीच, जम्मू और कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उधमपुर में हुआ सडक़ हादसा बेहद दर्दनाक है। मेरी गहरी संवेदनाएं पीडि़त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर उन्हें शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
मैंने जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।

