हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोशल मीडिया के दुरुपयोग और अभद्र कंटेंट पर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
राजधानी के न्यू शिमला थाना में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर के खिलाफ समाज में अश्लीलता फैलाने और दूसरों की छवि खराब करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठाकुर निवास, खलीनी के निवासी इशु ठाकुर ने एक शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि “unfiltered_vaniii” नाम के इंस्टाग्राम हैंडल चलाने वाली शिमला की एक युवती लगातार अपने अकाउंट पर अपमानजनक और अनुचित सामग्री अपलोड कर रही है।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त इन्फ्लुएंसर के हजारों फॉलोअर्स हैं। उसके द्वारा साझा किया जा रहा कंटेंट समाज, विशेषकर स्कूली छात्रों, युवाओं और लड़कियों पर बहुत बुरा प्रभाव डाल रहा है।
यह डर जताया गया है कि ऐसी सामग्री से प्रेरित होकर अन्य युवा भी इसी तरह के गलत रास्ते पर चल सकते हैं। इसके अलावा, पोस्ट में अन्य लड़कियों के खिलाफ की गई टिप्पणियां उनकी प्रतिष्ठा को गंभीर नुकसान पहुँचा रही हैं और सामाजिक मूल्यों के खिलाफ हैं।

शिकायतकर्ता का कहना है कि सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर अश्लीलता और दूसरों के चरित्र हनन को बर्दाश्त नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 79 (महिला की गरिमा को ठेस पहुँचाना), 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक रूप में अश्लील सामग्री प्रकाशित करना) के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की जांच स्वयं थाना प्रभारी (SHO) द्वारा की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से उक्त इंस्टाग्राम हैंडल की गतिविधियों और पोस्ट किए गए कंटेंट की स्कैनिंग की जा रही है।
दीगर है कि सोशल मीडिया की कंटेंट क्रिएटर इशिता पुंडीर भी देश के फौजियों पर टिप्पणी को लेकर विवाद में फंस गई थी, इसके बाद ही अन्य मामले भी उजागर होने लगे है।

