हिमाचल में घात लगाकर कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या || CRIME STORY

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र में सोमवार सुबह एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। कॉलेज जा रही 19 वर्षीय छात्रा की बीच रास्ते दराट से बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने न केवल इलाके में दहशत फैला दी, बल्कि प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मृतका की पहचान शिया गुलेरिया (19), निवासी गांव नैण, डाकघर गोपालपुर, तहसील सरकाघाट के रूप में हुई है। उसके पिता बद्दी में ट्रक चालक हैं। बताया जा रहा है कि शिया रोज की तरह अपने घर से डिग्री कॉलेज सरकाघाट के लिए निकली थी और पैदल गोपालपुर बस स्टॉप की ओर जा रही थी, जहां उसकी सहेली उसका इंतजार कर रही थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घर से करीब एक किलोमीटर दूर पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने, जिसने हुड पहनकर अपना चेहरा ढक रखा था, अचानक उस पर तेजधार हथियार (दराट) से हमला कर दिया।

आरोपी ने पहले युवती के बाजू पर वार किया और इसके बाद गले पर लगातार कई वार करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। हमला इतना अचानक और निर्मम था कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी ने गले पर इतनी बर्बरता से वार किए कि गर्दन लगभग धड़ से अलग होने की स्थिति में पहुंच गई। इस क्रूरता ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पास के जंगल में जाकर छिप गया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवती की चीखें सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की और सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

इसी दौरान सतर्क ग्रामीणों ने शक के आधार पर एक युवक को पकड़ लिया और उसके हाथ-पांव बांध दिए। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई भी की। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो आरोपी की जान को भी खतरा हो सकता था। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल दराट भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी स्थानीय निवासी है और नशे का आदी भी हो सकता है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जांच के दौरान पुलिस हर पहलू को खंगाल रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश, एकतरफा प्रेम प्रसंग या अन्य कारण तो नहीं है। साथ ही इस एंगल पर भी जांच जारी है कि आरोपी ने वारदात अकेले की या कोई और भी इसमें शामिल था।

स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आरोपी किसी अन्य व्यक्ति के साथ बाइक पर आया था, लेकिन पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वह एक दंपत्ति था और घटना से उसका कोई संबंध नहीं पाया गया। हालांकि सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को घटनास्थल की ओर जाते हुए देखा गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर भड़क उठा और उन्होंने उसे फांसी देने की मांग की। मौके पर पहुंचे डीएसपी सरकाघाट संजीव कुमार ने लोगों को शांत करते हुए निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार और एएसपी अभिमन्यु वर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया है, जबकि फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहने की अपील की है। साथ ही आश्वासन दिया है कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषी को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

‘ये दिल मांगे मोर’ कहकर अमर हो गया हिमाचल का शेर…यही हैं ‘The Pride of Himachal’ कैप्टन विक्रम बत्रा

पालमपुर-बर्फू आज की युवा पीढ़ी सोशल मीडिया पर हजारों...

जया हो या हेमा, साक्षी हो या सुषमा…सबकी पसंद बनी हिमाचल में यूरोप से आई यह कला

हिमखबर डेस्क  समय के साथ भुला दी गई क्रोशिया कला...