हिमखबर डेस्क
सुंदरनगर उपमंडल के अंतर्गत डैहर-समलेहू संपर्क मार्ग पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। भंतरेहड़ नाले के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
इस भीषण दुर्घटना में चार मासूम बच्चों सहित एक महिला और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी घायल डैहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल से वार्षिक परीक्षा परिणाम लेकर अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार भंतरेहड़ नाले के पास पहुंची, चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक हट गया और कार सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें एम्स बिलासपुर भेजा गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घायलों में 65 वर्षीय चालक बसंत राम, 25 वर्षीय वंदना, 8 वर्षीय रियांश, 10 वर्षीय सुप्रित, 8 वर्षीय अर्णव और रिहाना शामिल हैं। सभी घायल जिला बिलासपुर के घुमारवीं तहसील के गांव बलोह, डाकघर नानवां के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही डैहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण के बोल
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा।

