हिमखबर डेस्क
सरकारी कर्मियों सहित आम जनता को नए साल के सरकारी कैलेंडर का इंतजार रहता है। खासकर सरकारी कर्मचारी ये देखते हैं कि गजटेड होलीडे यानी राजपत्रित अवकाश कब और किस दिन पड़ रहा है। यदि ऐसे अवकाश शनिवार या सोमवार को हों तो रविवार के कारण सरकारी कर्मियों की एक छुट्टी और हो जाती है लेकिन, इस दफा हिमाचल में दीपावली और शिवरात्रि से लेकर पांच अवकाश ऐसे हैं, जो संडे यानी रविवार को पड़ रहे हैं।
2026 की छुट्टियों का सरकारी कैलेंडर
हिमाचल सरकार ने कैलेंडर ईयर 2026 की छुट्टियों को लेकर विवरण जारी कर दिया है। इस बारे में नोटिफिकेशन जारी कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार इस बार दिवाली आदि पर्व रविवार को पड़ रहे हैं। कुल 24 राजपत्रित अवकाश (Gazetted Holidays) हैं। उनमें से पूर्ण राज्यत्व दिवस संडे को पड़ रहा है। इसके अलावा संडे को ही महाशिवरात्रि, गुरु रविदास जयंती, भगवान श्री परशुराम जयंती, दिवाली का पर्व है.
2026 कैलेंडर ईयर में कुल 24 अवकाश
- हिमाचल को 25 जनवरी 1971 को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला था। इस दिन पूर्ण राज्यत्व दिवस मनाया जाता है। इस बार ये दिवस यानी 25 जनवरी रविवार के दिन पड़ रहा है।
- इसके अलावा पहली फरवरी को गुरु रविदास जयंती है और इस दिन भी संडे है।
- महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को संडे के दिन है।
- फिर 19 अप्रैल को भगवान श्री परशुराम जयंती भी रविवार के दिन पड़ रही है।
- इसी तरह 8 नवंबर को दीपावली भी संडे के दिन है।
- सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार वर्ष 2026 के कैलेंडर ईयर में कुल 24 अवकाश होंगे। वहीं, नियमों के तहत कुल 12 रिस्ट्रिक्टेड हॉलिडे घोषित हो सकते हैं।
महिलाओं के लिए तीन अवकाश
प्रदेश में सरकारी सेक्टर की महिला कर्मचारियों के लिए रक्षाबंधन, करवा चौथ और भाई दूज पर्व पर तीन छुट्टियां अलग से हैं। राज्य में पहले से चली आ रही परंपरा के अनुसार संबंधित जिलों के डीसी स्थानीय स्तर पर अवसर विशेष पर दो अवकाश घोषित कर सकते हैं। वर्ष 2026 में रक्षा बंधन शुक्रवार 28 अगस्त को होगा। भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026 को और करवा चौथ का पर्व गुरुवार 29 अक्टूबर को पड़ेगा।


