एसडीएम जवाली विचित्र सिंह ने प्रधान सहित पंचायत का किया दौरा; बोले, बारिश होने पर सुरक्षित जगह चले जाएं लोग
कोटला – स्वयम
वर्ष 2023 में बरसात में भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हुए नियांगल पंचायत के एरिया का सोमवार को एसडीएम जवाली विचित्र सिंह ने पंचायत प्रधान चुन्नी लाल सहित गांववासियों को साथ लेकर निरीक्षण किया।
पंचायत प्रधान चुन्नी लाल सहित लोगों ने बताया कि पिछली बरसात में भू-स्खलन होने से पंचायत के वार्ड नंबर पांच व छह से गुजरने वाले नाले का एक छोर मलबा के कारण बंद हो गया था, जिस कारण नाला झील में तबदील हो चुका है। इसके पानी का रिसाव होना भी शुरू हो गया है। बरसात में यह झील अगर टूटती है तो इससे काफी ज्यादा नुकसान हो सकता है।
पंचायत प्रधान चुन्नी लाल ने कहा कि जिलाधीश कांगड़ा, एसडीएम ज्वाली सहित केंद्र-प्रदेश सरकार की तरफ से कई एजेंसियां यहां आकर इसका मुआयना कर चुकी हैं, लेकिन झील बने नाले के पानी की निकासी करवाने में नाकाम रहे हैं। अब बरसात की शुरुआती बारिश में ही इसके कारण भू-स्खलन होना शुरू हो चुका है, जिससे पंचायतवासी काफी सहमे हुए हैं।
पंचायत प्रधान चुन्नी लाल सहित पंचायतवासियों ने बताया कि पिछली वर्ष बरसात के कारण भूस्खलन होने से 10 मकान जमींदोज हो गए थे, जिनको अभी तक ठिकाना नहीं मिला है, लेकिन इस बार यह झील बन चुका नाला अगर टूटता है, तो कई मकानों को अपने साथ बहाकर ले जाएगा। लोगों ने बताया कि नाला के पानी का निकास करवाया जाए, ताकि बरसात में कोई अप्रिय घटना घटित न हो पाए।
एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह के बोल
एसडीएम ज्वाली विचित्र सिंह ने आश्वासन दिया कि विशेषज्ञों के साथ बैठक करके इस संबंध में राय ली जाएगी तथा जो भी संभव होगा, वैसा किया जाएगा। उन्होंने इसके साथ लगते मकानों के मालिकों को आगाह किया है कि बारिश होने की स्थिति में वे यहां से सुरक्षित स्थान पर चले जाएं, ताकि कोई जानी नुकसान न हो।

