शिमला – नितिश पठानियां
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के एमडी राजीव कुमार ने बीती रात राजधानी के रिज पर गुफा आशियाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई। हालांकि वो शांत स्वभाव के अधिकारी है लेकिन पहली बार कड़क अंदाज में नजर आए।
निरीक्षण के दौरान का वीडियो भी सामने आया है। गुफा आशियाना के रसोईघर में तीन कर्मी बिना कैप के पाए गए। इस पर एमडी ने किचन इंचार्ज को ड्यूटी में लापरवाही के लिए उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
निरीक्षण के दौरान एमडी को आशियाना फास्ट फूड कैफे में तीन कर्मी कुर्सियों पर बैठे और मोबाइल का उपयोग करते हुए पाए गए, जबकि उन्हें ग्राहकों की सेवा के लिए अलर्ट होना चाहिए था। इस पर कैफे प्रभारी को भी उन्हे कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कार्यालय में भेजने का निर्देश दिया ताकि लापरवाही करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
निगम के एमडी राजीव कुमार की पहचान तेजतर्रार प्रशासनिक अधिकारी के रूप में होती हैं। एमडी का पद संभालने के बाद से ही निगम के होटलों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण शुरू कर दिया था। उन्होंने पूरे प्रदेश में निरीक्षण के दौरान यह संदेश दिया था कि निगम के होटलों और रेस्टोरेंट्स में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए। लेकिन राजधानी में अपने कार्यालय से कुछ किलोमीटर की दूरी पर यह स्थिति देखकर वे हैरान रह गए।
लिहाजा मौके पर ही एचपीटीडीसी के कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी कर दिए। शिमला के माल रोड पर स्थित निगम की इस संपत्ति की आमदनी काफी अच्छी रहती है। पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोग भी इस रेस्टोरेंट को काफी पसंद करते हैं।
इसी बीच निगम के प्रबंध निदेशक राजीव ने कहा कि, “गुफा आशियाना में औचक निरीक्षण ने स्वच्छता और ग्राहक सेवा के उच्च मानकों की अहमियत को उजागर किया है। यह आवश्यक है कि कर्मचारी आगंतुकों को सुरक्षित और आनंददायक अनुभव प्रदान करने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करें।

