धर्मशाला में पुनर्वास-पुनरस्थापन प्रारूप कमेटी की बैठक में उपायुक्त के बोल
हिमखबर डेस्क
एयरपोर्ट विस्तारीकरण की दिशा में चल रही प्रक्रिया के तहत प्रशासन ने ओर कदम आगे बढ़ा लिया है। शनिवार को राहत एवं पुर्नवास समिति की अहम बैठक कर अंतिम सुझावों सहित ड्राफ्ट फाइनल कर दिया गया है। उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण की प्रक्रिया में लोगों के हितों को सर्वोपरि रखा जाएगा।
प्रभावितों का बेहतर तरीके से पुनर्वास तथा पुनरस्थापन बेहतर तरीके से हो सके। उपायुक्त कार्यालय परिसर के सभागार में एयरपोर्ट विस्तारीकरण की पुनर्वास एवं पुनरस्थापन प्रारूप कमेटी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण से संबंधित पंचायतों के पटवारघरों में पांच, छह तथा सात फरवरी को जनसुनवाई आयोजित की गई थी।
इसमें संबंधित प्रतिनिधियों तथा लोगों के सुझावों को प्रमुखता से लिया गया था तथा उसी के आधार पर पुनर्वास तथा पुनरस्थापन का प्रारूप तैयार किया जा रहा है। इसे अंतिम रूप देने की दृष्टि से कमेटी की यह अहम बैठक रखी गई थी, जिसमें कमेटी के सभी सदस्यों के साथ प्रारूप को लेकर चर्चा की गई तथा उसमें कमेटी के सदस्यों के सुझावों को भी शामिल किया गया। इससे प्रारूप को मंजूरी के लिए मंडलायुक्त के माध्यम से सरकार को भेजा जा सके।
भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया के लिए मंडलायुक्त कांगड़ा को आयुक्त, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी को प्रशासक तथा एसडीएम कांगड़ा को समाहर्ता नियुक्त किया गया है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर एडीएम डा. हरीश गज्जू, एसडीएम निशांत जस्वाल, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विनय धीमान सहित गगल व्यापार मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कोहली, पंचायत प्रधान रेणु पठानिया सहित कमेटी के विभिन्न सदस्य उपस्थित थे।
ये हैं राजस्व गांव
कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तारीकरण में आठ पंचायतों के 14 राजस्व गांवों की भूमि अधिग्रहित करना प्रस्तावित है। इसमें राजस्व गांव रच्छियालु, जुगेहड़, भड़ोल, कयोडिय़ा, बाग, बल्ला, बरसवालकड़, भेड़ी, ढुगियारी खास, गगल खास, झिकली इच्छी, मुगरहाद, सहौड़ा, सनौरा शामिल हैं।

