हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में ओल्ड पेंशन योजना का लाभ अब मिल रहा है। ताजा मामले में मंडी जिले के उपमंडल पद्धर से रिटायर्ड आईटीआई इंस्ट्रक्टर दिनेश शर्मा को ओपीएस मिल गई है। उन्हें पहली पेंशन मिली है। बैंक खाते में पेंशन आते ही दिनेश शर्मा और उनका परिवार गदगद हो गया है।
जानकारी के अनुसार, दिनेश शर्मा आईटीआई गवाली में इंस्ट्रक्टर थे। बीते साल दिसंबर 2022 में वह इंस्ट्रक्टर के पद से रिटायर हुए थे। इससे पहले, भारतीय सेना में 17 वर्ष तक तैनता रहे। साल 2001 में फौज से सेवानिवृत्त हुए थे और रिटायरमेंट के बाद आईटीआई में बतौर इंस्ट्रक्टर ज्वाइन किया।
इसके बाद लगभग 11 साल तक वह सरकारी सेवा में रहे और 2022 में रिटायर हो गए। बाद में उन्हें न्यू पेंशन स्कीम के तहत मात्र 4900 रुपये पेंशन मिलती थी लेकिन अब ओल्ड पेंशन योजना में बुधवार को 51 हजार 200 रुपये पेंशन आई पूरा परिवार खुशी से झूम उठा।
स्टाफ ने लड्डू खिलाकर मुंह किया मीठा
ओल्ड पेंशन मिलने पर आईटीआई गवाली के स्टाफ ने लड्डू खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया। नई पेंशन एम्पलाइज एसोसिएशन अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन मिलना शुरू हुई है। जिसके लिए वह भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हैं।
दिनेश शर्मा के बोल
ओल्ड पेंशन मिलने से गदगद दिनेश शर्मा व स्वजनों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व एनपीएसईए एवं अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर का आभार जताया है। दिनेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो वायदा किया था वह पूरा कर दिया है।

