देहरा – शिव गुलेरिया
माल रोड देहरा में एसबीआई के सामने एक चलती निजी बस में अफरा-तफरी मच गई। बस में कोई तकनीक खराबी आने से उसमें से धुआं निकलना शुरू हो गया। हादसे के दौरान बस में करीब 25 यात्री सवार थे।
जानकारी के अनुसार बस से अचानक धुआं निकलने से यात्री सहम गए और अफरा-तफरी में कई यात्रियों ने जान जोखिम में डालकर चलती बस से ही कूदने की कोशिश की लेकिन चालक ने अचानक ब्रेक लगाकर बस को रोक दिया।
इसके बाद यात्री बस से नीचे उतर गए। बस के आगे-पीछे कई वाहन चल रहे थे लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना के दौरान सड़क पर अचानक धुआं फैल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अगर बस चालक को कार चालक समय रहते सूचित नहीं करता तो बस आग की भेंट चढ़ सकती थी, जिससे बड़ा हादसा भी हो सकता था। बस से निकला धुआं आसपास की दुकानों में फैल गया जिसके बाद कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों के शटर भी नीचे कर दिए।
इसी बीच किसी ने फायर ब्रिगेड विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के थोड़ी देर बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक यात्री ने अपने एक बच्चे बस की खिड़की से ही किसी राहगीर को पकड़ा कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंच गई।
डीएसपी अनिल कुमार के बोल
देहरा के डीएसपी अनिल कुमार के अनुसार तकनीकी कारणों से बस से धुआं मिलने की जानकारी है। बस में बैठे सभी यात्री सुरक्षित हैं।

