अतिकांत वर्मा ने सात साल की खुद की हीलिंग, गुरु की नगरी से यूट्यूब पर लॉन्च किया शिव भजन
नाहन, 19 जुलाई – नरेश कुमार राधे
गुरु की नगरी पावंटा साहिब में जन्मे लड़के ‘अतिकांत’ की बचपन से ही भोले शंकर के प्रति अटूट आस्था रही। जमा दो की पढ़ाई करने के बाद संगीत में दीक्षा हासिल करने निकल पड़ा। संगीत के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर की शख्सियत ‘एआर रहमान’ के सानिध्य का मौका भी मिला। रहमान की अकादमी में पांच साल शास्त्रीय संगीत की दीक्षा प्राप्त की।
मशहूर संगीतकार ए आर रहमान के सानिध्य में विदेशों में भी काबिलियत का डंका बजाया। 2016 के बाद ‘अतिकांत’ ने खुद की हीलिंग करने का निर्णय लिया। 7 साल तक संगीत के जगत से गायब रहे।
आखिर में महाकाल के प्रति अटूट आस्था ने ‘कम बैक’ करवाया है। बुधवार को पवित्र गुरु की नगरी पांवटा साहिब से यूट्यूब पर ‘मेरा शिव’ भजन लॉन्च किया है। गौरतलब है कि भजन को सुर बद्ध करने के साथ-साथ अतिकांत ने स्वयं ही एलबम में अहम भूमिका भी निभाई है।
लॉन्चिंग के मौके पर माता-पिता निर्मला व पवन कुमार वर्मा ने कहा कि अतिकांत को बचपन से ही शिव की धुन थी। हमने भी उसे भोले शंकर के सुपुर्द कर दिया। वीडियो एलबम ‘मेरा शिव’ का निर्देशन अनुराग तोमर ने किया है।
भजन को नाहन नगर परिषद के पार्षद विक्रम वर्मा ने कलमबद्ध किया है। 2006 से पहले टॉलीवुड में भी प्रतिभा का हंगामा बरपा रहे थे। 7 साल तक संगीत से दूरी बनाने को लेकर अतिकांत से सीधी वजह पूछी, जिसके जवाब में अतिकांत का कहना था कि आप साधारण शब्दों में कह सकते हैं….मैं शिव की साधना में था।
पारिवारिक जिम्मेदारी के बारे में कहा कि छोटी बहन सोना पिता के ज्वेलरी कारोबार को संभालती है। मैं कलाकार होने के नाते भावुक हूं, जबकि छोटी बहन कारोबार को पूरा व्यवसायिक तरीके से संभालती है। गौरतलब है कि भजन का टीजर मंगलवार को लॉन्च किया गया था।

अतिकांत ने कहा कि सावन का महीना चल रहा है। चारों तरफ शिवालयों में भोले शंकर के जयघोष हैं, लिहाजा मैंने भजन को पवित्र माह में लॉन्च करने का फैसला लिया।
एक सवाल के जवाब में कहा कि माता-पिता से हर कदम पर सहयोग मिला। बचपन में संगीत की दीवानगी थी तो वो डांट भी सकते थे, लेकिन मुझे अपनी राह चुनने का पूरा मौका दिया।
लॉन्चिंग के मौके पर पूर्व विधायक किरनेश जंग चौधरी ने अतिकांत को वीडियो एलबम पर शुभकामनाएं दी। साथ ही कहा कि एक शानदार कलाकार को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

