एचआरटीसी की एक बस सड़क से करीब 300 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक व परिचालक सहित करीब 45 लोग सवार थे। सभी को हल्की चोटें आई हैं। घायलों को एंबुलेंस से उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा जा रहा है।
मंडी – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश के मंडी जनपद के करसोग उपमंडल में खरोड़ी नामक स्थान पर एचआरटीसी की बस के खाई में गिरने की सूचना मिली है। निगम की यह बस मैंढी से करसोग आ रही थी। खरोड़ी के नजदीक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।

जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब 10:00 बजे एक बस सड़क से करीब 300 फीट नीचे जा गिरी। हादसे के समय बस में चालक व परिचालक सहित करीब 45 लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि बस दो चीड़ के पेड़ों के बीच में फंस गई, इस कारण बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा बस गहराई में जा सकती थी। हादसे के समय बस में 45 के करीब यात्री सवार बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।

इसके बाद घायलों को सिविल हॉस्पिटल पहुंचाने का कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर को गहरी चोटें आई हैं। हादसे में कुछ यात्री घायल हुए हैं। लेकिन अधिकतर यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। फ़िलहाल जानी नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

डीएसपी करसोग गीताजंलि ने हादसे की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य जारी है। देखा जा रहा है कि कहीं कोई और लोग तो नहीं फंसे हैं।

उसके बाद हादसे के कारणों की जांच की जाएगी। कुछ लोगों को चोटें आई हैं और अधिकतर लोग सुरक्षित हैं।

