सुंदरनगर, 22 अप्रैल – डॉली चौहान
सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु आम जनमानस के लिए जानलेवा बनते जा रहे है। ताजा मामले में मंडी जिला के सुंदरनगर नगर परिषद क्षेत्र में एक आवारा बैल ने 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लहूलुहान कर दिया है। मामले में घायल बुजुर्ग महिला सिविल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।
इन जानवरों के कारण बाजारों में आने वाले लोग भी भयभीत हैं। कभी भी जानवरों द्वारा उन पर हमला कर दिया जाता है। लेकिन इस समस्या को लेकर बार-बार प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद भी आज दिन तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसका सीधा खामियाजा वाहन चालकों और लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
मामले को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल के संगठन सचिव सुरेश कौशल ने कहा कि शहर में आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। जिसे लेकर लगातार शिकायत करने के बावजूद भी प्रशासन व सरकार समस्या से निजात नहीं दिला पा रहे है। इसका नुकसान वाहन चालकों सहित अन्य लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

