
हिमखबर – डेस्क
काले घने बालों की चाह हर किसी को होती है। बालों को सुंदरता के प्राकृतिक माध्यम के तौर पर देखा जाता है। लड़के हों या लड़कियां हर कोई काले घने बालों की चाहत रखता है लेकिन आज की बिगड़ी जीवनशैली, गलत खान पान और प्रदूषित वातावरण के कारण बाल झड़ने की समस्या बढ़ती जा रही है। कम उम्र में ही लोगों के बाल झड़ने लगते हैं।
महिलाओं से ज्यादा बाल झड़ने की समस्या पुरुषों में देखने को मिल रही है। अधिकतर पुरुष उम्र से पहले ही गंजेपन की समस्या से जूझ रहे हैं। बाल झड़ने से परेशान महिलाओं से लेकर पुरुष तक कई तरह के घरेलू नुस्खे, हेयर ऑयल, शैंपू और प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं लेकिन कई बार इसका उल्टा ही असर हो जाता है।
रूसी, पतले बाल, गंजेपन की शिकायत बढ़ने लगती है। ऐसे में अगर आप भी बाल झड़ने की समस्या से परेशान तो शुरुआत खानपान से करें। विशेषज्ञों के मुताबिक कुछ चीजों के सेवन से हेयर फाॅल अधिक होता है। अनजाने में लोग ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करते रहते हैं। इसलिए हेयर फॉल रोकने के लिए उन चीजों का सेवन कम कर दें, तो बालों के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं।
चलिए जानते हैं किन फूड के सेवन से बाल झड़ने की समस्या बढ़ती है।
चीनी
चीनी का ज्यादा सेवन कई तरह की बीमारियों को बढ़ावा देता है। चीनी शरीर के लिए हानिकारक हो सकती है। एक अध्ययन के मुताबिक, मधुमेह के रोगियों में इंसुलिन प्रतिरोध बनता है, जिसके कारण उनके बाल झड़ने लगते हैं। अधिक वजन होने पर भी बाल झड़ने की समस्या हो सकती है। सही समय पर इस पर काबू न पाया जाए तो गंजेपन का कारण भी बन सकता है। इसलिए चीनी का सेवन कम से कम करना चाहिए।
शराब
शराब का सेवन किसी भी तरह से अच्छा नहीं होता। शराब पीने से मानसिक और शारीरिक तौर पर कई नुकसान होते हैं। आपके बालों पर भी शराब का असर पड़ता है। दरअसल बाल केराटिन नाम के प्रोटीन से बनते हैं। शराब का सेवन प्रोटीन पर नकारात्मक असर डालता है और बाल कमजोर होकर झड़ने लगते हैं।
कच्चा अंडा
अंडा सेहत के लिए फायदेमंद होता है, खासकर बालों के लिए अंडा बहुत उपयोगी माना जाता है लेकिन उसे इस्तेमाल करने का एक सही तरीका होता है। कच्चे अंडे का सेवन बालों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। कच्चे अंडे की सफेदी का सेवन करने से बायोटिन की कमी हो जाती है। बालों के प्रोटीन का काम करने वाले केराटिन के बनाने में बायोटिन मदद करता है। ऐसे में कच्चा अंडा खाने के बजाए पका हुआ अंडा खाना चाहिए।
जंक फूड
आजकल बच्चों से लेकर युवाओं तक में जंक फूड का सेवन बढ़ गया है। जंक फूड सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक होता है। जंक फूड में सैचुरेटेड और मोनोअनसैचुरेटेड फैट पाया जाता है। जिसके कारण मोटापा बढ़ने के साथ ही हृदय संबंधी बीमारियां हो सकती है। बाल झड़ने की समस्या भी होने लगती है। स्पाइसी और तैलीय खाद्य पदार्थ का सेवन स्कैल्प को चिकना करता है, इससे रोम छिद्र छोटे हो सकते है और बाल झड़ने की समस्या बढ़ जाती है।
मछली
मछली का सेवन भी बाल झड़ने की समस्या को बढ़ा सकता है। मछली में मरकरी का स्तर बहुत ज्यादा होता है। जिसके सेवन से बाल झड़ने लगते हैं। इसलिए हेयर फाॅल से परेशान हैं तो मछली का सेवन कम कर दें।
नोट:
यह लेख अनुभवी डायटिशियन (आहार विशेषज्ञ) प्रिया पांडेय के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। उन्होंने कानपुर के सी.एस.जे.एम. विश्वविद्यालय से मानव पोषण में बी.एस.सी. किया है। उन्होंने कानपुर के आभा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आहार विशेषज्ञ के रूप में काम किया है। उन्होंने जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में पोषण व्याख्यान के विषय के प्रतिनिधि के रूप में भी भाग लिया है। उनका इस क्षेत्र में 8 वर्ष का लंबा अनुभव है।
