
हिमाचल में प्रस्तावित नहीं थी ‘भारत जोड़ो यात्रा’, हिमाचलियों के स्नेह के कारण किया रूट में बदलाव
इंदौरा – शम्मी धीमान
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी हिमाचल से होकर गुजरी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बहाने प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता में नई उमंग और जोश भर गए। लोगों को राहुल गांधी में एक उम्मीद की किरण नजर आई।
राहुल को हिमाचल में मिले अपार जनसमर्थन का असर आने वाले लोकसभा चुनावों में दिख सकता है। लोग इस बार केंद्र में कांग्रेस की सरकार लाने के लिए कांग्रेस को जनादेश दे सकते हैं।
इस यात्रा को लेकर लोगों में भारी उत्साह रहा और राहुल गांधी को देखने व सुनने के लिए तथा उनके स्वागत के लिए लोग भारी संख्या में सुबह ही घने कोहरे के बीच एकत्रित हो गए थे।
बुधवार को हिमाचल से होकर गुजरने वाली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ को सफल बनाने के लिए प्रदेश की नई नवेली सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की थी।
सीएम सुक्खू ने अपने मंत्रियों की टीम यात्रा की सफलता के लिए दो दिन पहले ही तैनात कर दी थी। प्रदेश से होकर निकली इस यात्रा की सफलता का श्रेय कांग्रेस पार्टी और सरकार को जाता है।
इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग आए और राहुल गांधी का स्वागत किया, परंतु सबसे ज्यादा इस यात्रा में नूरपुर क्षेत्र के इंदौरा, नूरपुर, फतेहपुर व ज्वाली विधानसभा क्षेत्रों से पार्टी कार्यकर्ता और लोग आए।
इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से राहुल गांधी ने लोगों को एकता और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पहले हिमाचल में प्रस्तावित नहीं थी, लेकिन हिमाचलियों के स्नेह के कारण यात्रा के रूट में बदलाव करना पड़ा।
अपने भाषण में उन्होंने इस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का महत्त्व भी समझाया और कहा कि उनकी यह ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भाजपा और आरएसएस की ओर से देश में नफरत फैलाने वाली विचारधारा के विरुद्ध है और वह लोगों में एकता और सौहार्द का माहौल पैदा करने के उद्देश्य से इस यात्रा पर निकले हैं।
इस दौरान उन्होंने भाजपा की केंद्र सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं को संसद में बोलने नहीं दिया जाता।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के हिमाचल प्रदेश के इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के मानसर में प्रवेश पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, मंत्रिमंडल के सदस्यों और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भव्य स्वागत किया।
जहां तक नजर गई वहां तक था लोगों का हुजूम
हिमाचल में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में जुटी भीड़ का अंदाजा लगाना मुश्किल था, लेकिन जहां तक नजर गई, वहां लोगों का हुजूम ही दिखा। युवाओं के साथ महिलाएं भी थीं, जो राहुल की एक झलक पाना चाहती थीं।
लोगों को राहुल गांधी से उम्मीद है कि वह बढ़ती महंगाई, रोजगार और समान शिक्षा की दिशा में कुछ करेंगे। कुछ लोगों ने कहा कि राहुल गांधी सडक़ पर लोगों से मिल रहे हैं और उनके मुद्दों को समझ रहे हैं।
