हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले के राजगढ़ में स्कूल छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वीरवार को पीएमश्री राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजगढ़ की कक्षा 11वीं की एक छात्रा का शव स्कूल के समीप किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला।
छात्रा मूल रूप से जिला शिमला के चौपाल की रहने वाली थी और कुछ समय से राजगढ़ में रहकर पढ़ाई कर रही थी। विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार वह पढ़ाई में होनहार, अनुशासित और शांत स्वभाव की छात्रा थी। विद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उसकी सक्रिय भागीदारी रहती थी।
बताया जा रहा है कि वीरवार सुबह जब छात्रा विद्यालय नहीं पहुंची तो शुरुआत में इसे सामान्य अनुपस्थिति माना गया। कुछ समय बाद उसके किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में उसका शव फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही विद्यालय प्रशासन, सहपाठी और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
प्रधानाचार्य प्रेम चौहान ने बताया कि स्कूल प्रबंधन को दोपहर (लंच ब्रेक) के दौरान घटना की जानकारी मिली।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय छात्रा कमरे में अकेली थी। उसकी माता वार्ड नंबर-5 में आयोजित एक पौधारोपण कार्यक्रम में गई हुई थीं। मृतका अपनी माता तथा दो अन्य बहनों के साथ किराये के कमरे में रहती थी। उसकी एक बहन नौवीं और दूसरी छठी कक्षा में पढ़ती है।
इस दुखद घटना के बाद विद्यालय सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। शिक्षकों, सहपाठियों और स्थानीय लोगों ने छात्रा के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।
क्या कहते हैं एसपी सिरमौर
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी। लड़की के पिता को उसके घर से बुलाया गया है, शुक्रवार सुबह पोस्मार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया जाएगा।

