
फतेहपुर- अनिल शर्मा
फतेहपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लडऩे वाले बलदेव ठाकुर ने अपनी हार के बाद शुक्रवार को राजा का तालाब में एक प्रेस वार्ता करते हुए मौजूदा कांग्रेस विधायक भवानी पठानिया पर हमला बोलते हुए कहा कि रे डिग्री कालेज भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया पर विधायक झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि शपथ समारोह के अलावा वह अभी विधानसभा भी नहीं पहुंचे।
बलदेव ठाकुर ने भवानी पठानिया पर सवालिया निशान खड़े करते हुए कहा कि विधायक तथ्य के साथ बताएं कि इस प्रक्रिया में पांच करोड़ 14 लाख का फंड वह कहां से लाए। किस बैंक से यह रकम लाई। किस एजेंसी से काम करवाया।
उन्होंने झूठ का रिकार्ड बना दिया है, जबकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने फतेहपुर से भाजपा विधायक न होने पर भी करोड़ों का बजट देकर यहां की विकास की गति को रुकने नहीं दिया। बलदेव ठाकुर ने कहा कि इससे पहले भी उन्होंने उपचुनाव में भ्रामक प्रचार द्वारा भाजपा प्रत्याशी बनने पर फतेहपुर से दफ्तर शिफ्ट करने की बात की थी।
रे डिग्री कालेज भवन निर्माण हेतु पांच करोड़ 14 लाख के बजट सहित टेंडर अवार्ड, फतेहपुर में संयुक्त सचिवालय के लिए पांच करोड़, 88 लाख के लिए बजट प्रावधान, राजा का तालाब पीएचसी भवन निर्माण के लिए 42 लाख, 78 हजार का प्रावधान व युद्ध स्तर पर चल रहा उसका निर्माण कार्य सभी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की देन हैं, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।
फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया का कहना है कि मैंने कब कहा कि टेंडर प्रक्रिया उन्होंने करवाई है। मैंने टेंडर प्रक्रिया शुरू होने पर लोगों को बधाई दी थी।
