--Advertisement--

अनुराग ठाकुर, कंगना रणौत के बाद आनंद शर्मा की एंट्री से खास हुए चुनाव

----Advertisement----

हिमखबर डेस्क

हिमाचल में सियासत की तिकड़ी का बड़ा तडक़ा लग गया है। चार लोकसभा सीटों के बावजूद समूचे भारत में ये चेहरे चर्चा में हैं। पहले भाजपा ने अभिनेत्री कंगना रणौत को मैदान में उतारकर मंडी के सुस्त चुनाव को रफ्तार दे दी और अब दिल्ली में हाई लेवल की सियासत के हिस्सेदार आनंद शर्मा की एंट्री कांगड़ा में हो गई है।

इन दोनों फैसलों ने हिमाचल में चुनाव की चर्चा को चरम पर पहुंचा दिया है। इससे पहले आनंद शर्मा शिमला से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं, लेकिन कांगड़ा से उनका खास नाता नहीं रहा है। मंडी में कंगना रणौत मैदान में हैं। कंगना का जन्म मंडी में हुआ है और उनकी पढ़ाई चंडीगढ़ में हुई है। कंगना ने 2006 से मायानगरी में अपने पांव जमा रखे हैं।

कंगना ने मंडी लौटने के बाद यहां की स्थानीय भाषा को अपना लिया है। मायानगरी और दिल्ली में चर्चित इन दोनों हस्तियों के बीच ही एक बड़ा नाम इस बार के चुनाव में फिर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का भी है। अनुराग ठाकुर की पहचान समूचे भारत में है।

बहरहाल, तीनों चेहरे लोकसभा चुनाव में आकर्षण का केंद्र हैं, लेकिन लोकसभा में वोट बटोरने में कितना कामयाब हो पाते हैं, यह चुनाव परिणाम के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल हिमाचल की धमक समूचे भारत में अब इन तीनों नामों से ही हो रही है।

राजनीति में धुरंधर, पर कांगड़ा में फ्रेशर हैं आनंद शर्मा

कांगड़ा संसदीय क्षेत्र में आनंद शर्मा मैदान में हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता राज्यसभा के सदस्य और मंत्री रह चुके हैं। आनंद शर्मा की पढ़ाई शिमला में हुई है और वह लंबे समय से दिल्ली में ही राजनीति कर रहे हैं। 2016 में उन्हें शिमला से राज्यसभा के लिए चुना गया था। आनंद शर्मा गांधी परिवार के करीबी हैं।

लोकसभा चुनाव में जीत दर्ज करते हैं और गठबंधन की सरकार दिल्ली में बनती है तो आनंद शर्मा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। भले ही आनंद शर्मा मंझे हुए खिलाड़ी हों, लेकिन कांगड़ा-चंबा की सियासत के लिए अभी बिलकुल नए हैं। उन्हें अब एक महीने से भी कम समय में कांगड़ा और चंबा के सभी इलाकों को छूना होगा। भाजपा ने कांगड़ा में प्रचार अभियान शुरू कर दिया है।

2019 में कांगड़ा सीट पर प्रदर्शन
पार्टी उम्मीदवार वोट मत प्रतिशत
भाजपा किशन कपूर 725218 72.02 प्रतिशत
कांग्रेस पवन काजल 247595 24.59 प्रतिशत

मंडी के अंगना में होगी कंगना की सियासी परीक्षा

कंगना रणौत मंडी से लोकसभा चुनाव लड़ रही हैं। कंगना का यह पहला ही चुनाव है। कंगना पद्मश्री से सम्मानित हैं। कंगना ने अपने फिल्मी कैरियर की शुरुआत 2006 में फिल्म गैंगस्टर से की थी। कंगना को टिकट मिलने के साथ ही हिमाचल की मंडी सीट की चर्चा राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है।

कंगना की उम्मीदवारी पर कांग्रेस की एक महिला सीनियर नेता की पोस्ट की वजह से बड़ा विवाद हो गया था। कंगना रणौत इन दिनों हिमाचली भाषा और यहां के पहनावे को लेकर भी चर्चा में हैं। कंगना ने मंडी को अपना लिया है, लेकिन मंडी जिला कंगना को कितना अपना पाता है, यह देखने वाली बात होगी। हालांकि कंगना के लिए प्लस प्वाइंट यह है कि उन्हें भाजपा कैडर का खूब साथ मिल रहा है।

2019 में मंडी सीट पर प्रदर्शन
पार्टी उम्मीदवार मत मत प्रतिशत
भाजपा रामस्वरूप शर्मा 647189 68.75 प्रतिशत
कांग्रेस आश्रय शर्मा 241730 25.68 प्रतिशत

हमीरपुर के मैदान में पांचवीं बार अनुराग

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हमीरपुर से पांचवीं बार मैदान में हैं। अनुराग ठाकुर प्रदेश की राजनीति के साथ ही देश में भी बड़ा चेहरा हैं और इनके नाम की चर्चा भी हिमाचल के बाहर सुनाई दे रही है। हमीरपुर भले ही भाजपा की परंपरागत सीट है, लेकिन अनुराग ठाकुर के पांचवें चुनाव के साथ ही भाजपा हाइकमान की साख भी दांव पर लगी हुई है।

अनुराग ठाकुर ने पिछले लोकसभा चुनाव में छह लाख 82 हजार 692 वोट हासिल किए थे। जो कुल मतदान का 69.04 फीसदी था। उन्होंने तीन लाख 99 हजार 572 वोट के अंतर से कांग्रेस के उम्मीदवार को परास्त किया था। अनुराग ठाकुर के मंत्री रहते केंद्र में लिए गए फैसलों का फायदा हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को हुआ है, जो अनुराग ठाकुर के लिए प्लस प्वाइंट है।

2019 में हमीरपुर सीट पर प्रदर्शन
पार्टी उम्मीदवार मत मत प्रतिशत
भाजपा अनुराग ठाकुर 682692 69.04 प्रतिशत
कांग्रेस रामलाल ठाकुर 283120 28.63 प्रतिशत

--Advertisement--

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here