हिमख़बर डेस्क
पंजाब के पठानकोट-जालंधर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार निजी बस की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे संदीपनी गुरुकुल स्कूल के निकट कौंतरपुर चौक पर हुआ।जालंधर से जम्मू जा रही लक्ष्मी हॉलीडेज की निजी बस अचानक अनियंत्रित हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन बस के नीचे फंस गया। इसके बावजूद चालक ने बस नहीं रोकी और करीब 200 फुट तक स्कूटी को घसीटता हुआ आगे बढ़ गया।
इसी दौरान बस ने एक बाइक सवार, सड़क किनारे खड़े लोगों तथा एक महिला को भी अपनी चपेट में ले लिया।हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत राज न्यूरो अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्कूटी सवार रणजीत सिंह (38) पुत्र दर्शन सिंह और मोटरसाइकिल सवार अरुण कुमार (32) पुत्र विजय कुमार, दोनों निवासी कौंतरपुर, ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बस चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए। इससे नाराज ग्रामीणों ने बस को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में बस पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना नंगलभूर पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने अग्निशमन दल की सहायता से आग पर काबू पाया।
एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों के बोल
इस पूरे मामले पर एसएसपी पठानकोट दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने आधिकारिक बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि इस भयानक हादसे को लेकर पुलिस थाना नंगलभूर में केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

