
काँगड़ा – राजीव जस्वाल
हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठों में जिला काँगड़ा में स्तिथ शक्तिपीठ माता श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मारपीट में दो श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी मिली है, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर टांडा रैफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार श्री बज्रेश्वरी देवी मंदिर के मुख्य गेट से कुछ ही दूरी पर शौचालय गई महिलाओं के साथ स्थानीय लोगों का विवाद हो गया, जिसके बाद विवाद मारपीट में तबदील हो गया। महिलाओं को बचाने के लिए आए उनके परिजनों के साथ मारपीट की गई, जिससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया।
पंजाब के फरीदकोट जिला के कोटपूरा तहसील से आए दो श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनकी पहचान कृष्णा व शिवा के रूप में हुई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मी भी मारपीट का शिकार हुए।
पंजाब के कोटपूरा से आए श्रद्धालु विजय कुमार ने बताया कि मंदिर में दर्शनों के बाद उनके परिवार की महिला शौचालय गई और इस दौरान उनके साथ दुव्र्यवहार किया गया।
महिला ने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को दी, जिस पर परिवार के सदस्यों ने जब विरोध जताया तो स्थानीय लोगों ने उन पर हमला बोल दिया। कृष्णा के सिर व शिवा के पीठ पर गंभीर चोटें आई है।
कांगड़ा पुलिस घायल श्रद्धालुओं को इलाज के लिए कांगड़ा उपमंडलीय चिकित्सालय ले गई, जहां से शिवा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा रैफर कर दिया गया है।
थाना प्रभारी कांगड़ा भारत भूषण का कहना है कि कांगड़ा पुलिस ने श्रद्धालुओं की शिकायत पर मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है।
