फेसबुक पर जातिसूचक जहर उगलना पड़ा भारी, SC/ST एक्ट में केस दर्ज
बद्दी/सोलन – रजनीश ठाकुर
सोशल मीडिया पर जातिसूचक और आपत्तिजनक टिप्पणियां करना एक व्यक्ति को उस समय भारी पड़ गया, जब पुलिस ने उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ऋषि ठाकुर पुत्र हंसराज भारद्वाज निवासी वार्ड नंबर 2, बद्दी के खिलाफ एक प्रतिनिधिमंडल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता रंजीत सिंह, निवासी गांव मानपुरा, ने आरोप लगाया कि आरोपी ने फेसबुक पर संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और अनुसूचित जाति समाज के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां कीं।
इन टिप्पणियों से समाज में रोष फैल गया और सामाजिक माहौल बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर इस तरह की पोस्ट और टिप्पणियां करता रहा, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो रहा था।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए SC/ST एक्ट की धाराओं 3(1)(r), 3(1)(s) और 3(1)(u) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से जातिवाद और साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करता रहा है।
इस बार भी जातिसूचक शब्दों के प्रयोग के बाद कबीर पंथी समाज सुधार सभा और अन्य समुदायों के लोगों को विरोध में आगे आना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को एक संगठन के पदाधिकारी का करीबी भी बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।
पुलिस ने साफ किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, जातिसूचक या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

