
वन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने सोमवार को फतेहपुर उपमंडल के अंतर्गत गोलवां व पट्टा जाटियां में जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर राज्यसभा के पूर्व सांसद कृपाल परमार भी उनके साथ उपस्थित रहे। फतेहपुर विधानसभा की हर पंचायत में जिम का निर्माण किया जाएगा।
फतेहपुर- अनिल शर्मा
वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने सोमवार को फतेहपुर उपमंडल के अंतर्गत गोलवां व पट्टा जाटियां में जनसभाओं को संबोधित किया। इस मौके पर राज्यसभा के पूर्व सांसद कृपाल परमार भी उनके साथ उपस्थित रहे। इस मौके पर राकेश पठानिया ने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र की हर पंचायत में जिम का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की लत से दूर रखने के लिए प्रदेश सरकार पंचायतों में खेल मैदान तथा जिम बनाने की दिशा में विशेष ध्यान दे रही है, ताकि युवाओं को फिट रखने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को निखारने के बेहतर अवसर मिल सके। उन्होंने कहा कि फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास सरकार की उच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में भाजपा का विधायक न होने के बावजूद भी विकास कार्यों में कोई कमी नहीं रखी गई है।
उन्होंने कहा कि गत साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल में प्रदेश सरकार द्वारा इस क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाएं जनता को समर्पित की गई है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा राजा का तालाब तथा रे को उप तहसीलों का दर्जा देकर लोगों को एक बहुत बड़ी सौगात दी गई है। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल, रैहन तथा फतेहपुर में जहां बिस्तरों की क्षमता को बढ़ाया गया है, वहीं लोगों को 24 घंटे बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए यहां पर सुविधाओं को बढ़ाया गया है।
राकेश पठानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच के कारण ही आज देश कोरोना के विरुद्ध लड़ाई लड़ने में कामयाब हुआ है। उन्होंने देश के सभी लोगों को कोरोना का मुफ्त टीका लगाने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लगभग 90 प्रतिशत लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
वन मंत्री तथा अन्य गणमान्य लोगों ने गोलवां में पौधारोपण में भी भाग लिया
वन मंत्री राकेश पठानिया ने गोलवां तथा पट्टा जाटियां में लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया तथा शेष समस्याओं के शीघ्र निपटारे के अधिकारिओं को निर्देश दिए। उन्होंने गोलवां व पट्टा जाटियां में पौधरोपण भी किया।
घोषणाएं
वन मंत्री राकेश पठानिया ने गोलवां में मुख्यमंत्री लोक भवन योजना के तहत समुदायिक भवन बनाने के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पट्टा जाटियां में महिला मण्डल भवन की मरम्मत के लिए एक लाख रुपए देने की भी घोषणा की। उन्होंने स्थानीय लोगों की मांग पर गोलवां तथा पट्टा जाटियां से दस दिन के भीतर बस चलाने का आश्वासन दिया। वन मंत्री ने उनके समक्ष विभिन्न पंचायतों द्वारा रखी गई सभी मांगों को संबंधित विभागों से चर्चा करने के उपरांत पूरा करने का भरोसा दिया। इससे पहले, गोलवां पंचायत के प्रधान संजीव चंबियाल(पप्पू) ने मुख्याथिति का स्वागत किया व अपने विचार रखे।
इस मौके पर ओबीसी वित्त निगम के उपाध्यक्ष ओपी चौधरी, बीडीसी अध्यक्षा निशा शर्मा, एसडीएम अंकुश शर्मा, डीएफओ विकल्प यादव, बीडीओ राज कुमार संबियाल, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बलदेव ठाकुर, प्रदेश किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष जगदेव सिंह, प्रदेश भाजयुमो के उपाध्यक्ष पंकज हैप्पी, संगठनात्मक ज़िला नूरपुर महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रीता ठाकुर, मंडलाध्यक्ष करतार पठानिया, बीडीसी सदस्य तमन्ना शर्मा, बीएमएस के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणयमान्य लोग उपस्थित रहे।
