
पालमपुर- बर्फू
दिल्ली से पालमपुर अपने दोस्त के पास वोल्वो बस में आ रहे एक युवक को शातिर ने बस में ही लूट लिया है। शातिर ने इस युवक को कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीली चीज पिला कर लूटा है।
युवक को पानीपत के आसपास लूटा गया है। युवक के अनुसार उसे पालमपुर से थोड़ी देर पहले ही होश आई है, जिसे बाद में पालमपुर अस्पताल लाया गया। लेकिन युवक के साथ क्या हुआ, उसे कुछ याद नहीं है। शातिर युवक का लैपटॉप, कैश और पर्स में रखे अन्य कार्ड और कागजात ले गया है।
पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं। जानकारी के अनुसार भोपाल का रहने वाला युवक अमनदीप सिंह (27) पालमपुर में अपने एक दोस्त के पास परिवहन निगम की वोल्वो बस आ रहा था।
युवक का कहना है कि उसके साथ करीब 35 साल का युवक बैठा था। इस बीच दोनों की आपस में बातचीत होती रही। शातिर से किसानों के आंदोलन आदि को लेकर बात कर रहा था। बातों-बातों में शातिर युवक ने कोल्ड ड्रिंक निकाली और युवक को पीने के लिए ऑफर किया, लेकिन उसने इसे पीने से मना कर दिया।
उसने फिर उसे एक गिलास में डालकर कोल्ड ड्रिंक दे दिया, जिसे उसने भी पी लिया। उसने यह नहीं देखा कि शातिर भी कोल्ड ड्रिंक पी रहा है या नहीं। उसके बाद उसे कुछ पता नहीं चला। उसे जब होश आया तो देखा कि उसका सामान चोरी हो चुका था।
उधर, डीएसपी गुरबचन सिंह ने कहा कि पुलिस ने युवक के बयान दर्ज कर लिए हैं। कहा कि परिवहन निगम से भी बस की फुटेज ली जाएगी। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया है कि बस में किसी भी अनजाने व्यक्ति के हाथ से कोई चीज न खाएं और नही लें। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
