नूरपुर – स्वर्ण राणा
कांगड़ा में एक मेले का सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यहां नूरपुर में चल रहे प्रसिद्ध नागनी माता मेले में कुछ लोगों ने कानून को अपने हाथ में ले लिया।
चोरी की शक में दो महिलाओं की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। भीड़ ने चप्पलों तथा डंडों से पीटना शुरू कर दिया। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है।
सड़क पर महिलाओं के साथ हुई इस बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नूरपुर पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है।
पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए तुरंत स्वतः संज्ञान (Suo Motu) लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
नूरपुर पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के सटीक समय और स्थान की बारीकी से पुष्टि करने में जुटी हुई है।
इसके साथ ही पुलिस की टीमें वीडियो में महिलाओं पर हाथ उठाते और डंडे बरसाते दिखाई दे रहे लोगों की पहचान कर रही हैं हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से किसी भी आरोपी की आधिकारिक पहचान या गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है।
नूरपुर पुलिस प्रशासन ने सख्त लहजे में बयान जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने या सड़क पर खुद ही ‘जज’ बनने का कोई अधिकार नहीं है।
प्रशासन का साफ कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।
जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके साथ ही पुलिस ने आम जनता से यह अपील भी की है कि वे इस घटना से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाह या अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर करने से बचें।

