हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश में मौसम ठंडा-ठंडा कूल-कूल बना हुआ है। देश के मैदानी इलाकों में जहां पारा 40 डिग्री के पार है। वहीं, हिमाचल में अब भी कुछ इलाकों में पारा माइनस में चल रहा है। प्रदेश में आने वाले दिनों में एक बार फिर से बारिश बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।

मौसम विभाग ने जहां देशभर में हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 4 और 5 मई को हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कुल्लू में बारिश, लाहौल स्पीति और किन्नौर के छितकुल और बटसेरी इलाकों में बर्फबारी हुई है। अटल टनल के पास भी बुधवार को बर्फबारी हुई थी हालांकि, गुरुवार को हिमाचल में धूप खिली हुई है।

मौसम विभाग के शिमला केंद्र का कहना है कि 2 मई को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं 3 मई की रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी सक्रिय होने की संभावना है और पाकिस्तान की तरफ से तेज हवाएं आएंगी।

मौसम विभाग ने बताया कि 4 और 5 मई येलो अलर्ट के चलते कई भागों में बारिश का पूर्वानुमान है। 6 और 7 मई को भी उच्च पर्वतीय कुछ भागों में मौसम खराब बना रह सकता है।

हिमाचल में लगातार बारिश से पारा भी सामान्य से कम चल रहा है। मई महीने में भी प्रदेश के कई इलाकों में बर्फबारी हुई है। मैदानों में जहां पारा 40 डिग्री पार हो गया है। वहीं, हिमाचल में सिरमौर के पांवटा साहिब में सबसे अधिक 36 डिग्री दर्ज हुआ है।

रोचक बात यह है कि हिमाचल के 28 शहरों में से केवल तीन शहरों में ही पारा 30 डिग्री पार है। शिमला में चार अंकों की गिरावट के साथ यह 19 डिग्री दर्ज हुआ है।

मनाली में सबसे अधिक 10 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है और अधिकतम पारा 3 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड हुआ है।हिमाचल में औसतन चार डिग्री की गिरावट पारे में आई है।

लाहौल घाटी के कोकसर में ढाबा चलाने वाले राजुकमार ने बताया कि टूरिस्ट काफी आ रहे हैं। यहां पर ताजा हिमपात हुआ है।