घाटी के प्रसिद्ध मानतलाई ट्रैक रूट से गाइड के साथ लौटते समय ट्रैकर पार्वती नदी में गिर गया था। पुलिस विभाग ने रेस्क्यू टीम के साथ तलाश कर शव को बरामद किया है।
कुल्लू – अजय सूर्या
हिमाचल प्रदेश में ट्रेकिंग के दौरान लोग काल का ग्रास बन रहे हैं। ताजा मामले में दिल्ली के 30 साल के वकील की मौत हुई है। कुल्लू जिले में खीरगंगा ट्रेक पर युवक ट्रेकिंग के दौरान फिसला पार्वती नदी में समा गया। अब युवक का शव बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से सटे नोएडा के विवेक विहार इलाके के रहने वाले शिवम रॉय वीकएंड पर हिमाचल के कुल्लू घूमने आए थे। इस दौरान वह शनिवार को ट्रेकिंग के लिए पार्वती वैली के खीरगंगा ट्रेक पर निकले थे। इस दौरान वह खीरगंगा होते हुए मान तलाई झील तक पहुंचे।
यहां से जब शिवम वापस, बरसैणी लौट रहे थे तो रास्ते में पोट्राघाट के पास पेर फिसलने के बाद नदी में गिर गए. यहां पर पुलिस और प्रशासन को उनके लापता होने की सूचना दी गई। रेस्क्यू टीमों ने उनकी तलाश की और तीन दिन बाद मंगलवार को उनका शव बरामद हुआ है।
हालांकि, अब तक रेस्क्यू टीम शव को लेकर मणिकर्ण नहीं पहुंची है और बुधवार को शव के यहां पहुंचने की उम्मीद है।गौरतलब है कि शिवम सुप्रीम कोर्ट में वकालत करते थे।
पार्वती वैली में कई रेस्क्यू चला चुका छापे राम इस ऑपरेशन को मॉनिटर कर रहे हैं। वहीं, कुल्लू प्रशासन शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपेगा। शिवम का परिवार मामले की सूचना मिलने के बाद रविवार को पार्वती वैली पहुंचा था।
एसपी साक्षी वर्मा के बोल
कुल्लू की एसपी साक्षी वर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मणिकर्ण घाटी के मान तलाई ट्रैक पर दिल्ली का युवक शिवम रॉय के खाई गिरने के बाद लापता हो गया था। 4 नवंबर को खीर गंगा से मानतलाई के बीच पटराघाट के पास अचानक पैर फिसलने से शिवम पार्वती नदी में गिर गया था। नेगिज सर्च एंड रेस्क्यू टीम और पुलिस ने शिवम रॉय के शव को खोज लिया है और शव को बुधवार शाम तक मणिकर्ण लाया जा रहा है।

