हिमख़बर डेस्क
हमीरपुर जिले के भोरंज थाना क्षेत्र के मनोह स्थित पेट्रोल पंप पर टैक्सी किराये को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया।
एक यात्री ने टैक्सी चालक की कथित तौर पर लात-घूंसों से बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए हमीरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
घटना मंगलवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है। घायल टैक्सी चालक की पहचान दिनेश कुमार (48) पुत्र राम सिंह, निवासी गुटकर, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है।
वहीं, मारपीट के आरोपी की पहचान प्रदीप राणा पुत्र जगदीश, निवासी नुहाड़ा, डाकघर दिम्मी, तहसील भोरंज, जिला हमीरपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार किराये को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी ने टैक्सी चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि आरोपी ने चालक को जमीन पर गिराकर जूतों से भी पीटा। इस हमले में चालक के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर काफी खून बह गया।

