आजाद उम्मीदवार चेतन बरागटा के समर्थन में पार्टी के मंडल अध्यक्ष सहित दर्जनों पदाधिकारियों के इस्तीफे
शिमला- जसपाल ठाकुर
जुब्बल कोटखाई में भाजपा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों ने चेतन बरागटा का टिकट कटने से नाराज भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफे दे दिए हैं। शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबेईक ने पूरी कार्यकारिणी सहित अपना त्यागपत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है।
साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, भाजपा आईटी सैल के अध्यक्ष सहित दर्जनों पदाधिकारियों ने पार्टी से त्याग पत्र दे दिया है। चेतन बरागटा का टिकट कटने से भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारी लगातार नाराज चल रहे थे और पार्टी की अधिकृत प्रत्याषी नीलम सरेईक के लिए काम करने के बजाय ये सभी लोग चेतन बरागटा के लिए चुनाव क्षेत्र में वोट मांग रहे थे। इससे पहले कि पार्टी कार्यालय की ओर से इन पर कोई कार्रवाई होती, भाजपा मंडल के सभी पदाधिकारियों ने संगठन के मोर्चों ने अपने पदो से इस्तीफों की झडि़यां लगा दी हैं।
शुक्रवार को भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबेईक, जिला महासू युवा मोर्चा के अंकुश चौहान सहित भाजपा पदाधिकारियों ने भी अपने पदों से त्यागपत्र दे दिया है। महिला मोर्चा अध्यक्ष नैना तनेटा, युवा मोर्चा अध्यक्ष जतिन चौहान, किसान मोर्चा अध्यक्ष मनोज सुंटा ने सैकड़ों पदाधिकारियों सहित त्याग पत्र पार्टी हाईकमान को भेज दिया है।
इसके अतिरिक्त भाजपा के बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर के पदाधिकारियों में इस्तीफे देने की होड़ लग गई है। फेसबुक पर पोस्ट डालकर सभी अपने पदों से त्यागपत्र दे रहे हैं। भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल जबैईक ने बताया कि भाजपा के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता भी चेतन बरागटा के लिए तीन माह से वोट मांग रहे थे, लेकिन जब टिकट देने की बारी आई तो किसी को भी विश्वास में लिए बिना टिकट किसी और को दिया गया।