
ब्यूरो – रिपोर्ट
ऊना के चिंतपूर्णी मंदिर में शीश नवाकर पठानकोट जा रहे श्रद्धालुओं की मिनी बस कांगड़ा के कोटला बेहड़ के दुरगेई में पलट गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए।
चार गंभीर घायलों को सिविल अस्पताल डाडासीबा में प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज टांडा, कांगड़ा रेफर कर दिया गया। सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के बलौलिया गांव के निवासी हैं।
उत्तर प्रदेश से 20 लोग कुछ दिन पहले देवी दर्शन के लिए निकले थे। वह ट्रेन के माध्यम से पठानकोट पहुंचे और जम्मू की मिनी बस किराये पर लेकर वैष्णो देवी मां के दर्शन किए। उसके बाद चिंतपूर्णी माता के मंदिर में आए।
मां का आशीर्वाद लेने के बाद रविवार को पठानकोट जा रहे थे, जहां शाम सात बजे ट्रेन की बुकिंग करवाकर रखी थी। जैसे ही बस कोटला बेहड़ के पास दुरगेई नामक स्थान पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। इससे 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस से डाडासीबा अस्पताल पहुंचाया। सुजाता, लता चौहान, कुसुम व आशु तोमर को सिर पर गहरी चोटें लगने के कारण उन्हें टांडा अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल डाडासीबा में डा. शशांक शर्मा, डा. नितिन शर्मा और स्टाफ के सदस्यों ने घायलों का उपचार किया। वहीं कुछ श्रद्धालुओं ने आरोप लगाया कि चालक ने किसी नशीले पदार्थ का सेवन किया हुआ था।
क्या कहते हैं अधिकारी
उधर डीएसपी देहरा-ज्वालामुखी चंद्र पाल ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। जांच की जा रही है कि हादसा किन कारणों से हुआ।
हादसे में ये हुए घायल
सड़क हादसे में अंश तोमर (12) पुत्र राकी तोमर, लता चौहान (48) पत्नी किशनचंद, सुजाता सिंह (36) पत्नी रोचन सिंह, कुसुम (39) पत्नी नितिन, नितिन (40) पुत्र चंद्रभान सिंह, पायल तोमर (15) पुत्री राकी तोमर, वैष्णवी (11) पुत्री जुगनेश, आस्था (8) पुत्री जगनेश, युग तोमर (6) पुत्र सचिन कुमार, रौनक तोमर (10) पुत्री सचिन कुमार, अक्षिका तोमर (14) पुत्री सचिन तोमर, रूबी तोमर (35) पत्नी सचिन, अनुपम पत्नी जिगनेश।
