
मंडी – नरेश कुमार
मंडी जिला के जोगेंद्रनगर उपमंडल के अंतर्गत स्यूरी मंदिर के पास शनिवार रात को एक कार सड़क से नीचे लुढ़क गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई और छह घायल हो गए। इनमें से दो युवाओं को टांडा मेडिकल कालेज रेफर किया गया है।
मृतक युवक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज करने पर उसके स्वजन भड़क गए और पोस्टमार्टम न करवाने के लिए अस्पताल में हंगामा किया।
छपरोट सड़क पर स्यूरी मंदिर के नजदीक शनिवार करीब रात 11 बजे एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 फीट नीचे लुढ़क गई।
हादसे में कार में सवार लक्की निवासी द्योट, मुल्थान की मौत हो गई, जबकि घायलों की पहचान विजय कुमार, अर्जुन, बसंत निवासी आरठी, अश्वनी निवासी धरमाण, विशाल, विक्की निवासी स्यूरी के रूप में हुई है। घायल विशाल व बसंत को टांडा मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
स्वजन का आरोप
जब पुलिस ने मृतक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया तो उसके स्वजन ने आरोप लगाया कि वह (लक्की) कार नहीं चला रहा था।
माता मनसा देवी, चाचा केशव और भाई सतपाल ने पुलिस की प्रारंभिक जांच में सवाल उठाकर ग्रामीणों के साथ पहले सिविल अस्पताल फिर पुलिस थाने में हंगामा किया और पोस्टमार्टम नहीं करने दिया।
इसके बाद थाने में ही अन्य घायलों से जब स्वजन के सामने पूछताछ की तो पता चला कि मृतक लक्की ही कार चला रहा था। करीब दो घंटे की गहमागहमी के बाद जब स्वजन मामले की सच्चाई से संतुष्ट हुए तब जाकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव स्वजन को सौंपा गया।
क्या कहते हैं अधिकारी
मामले की जांच कर रहे पुलिस थाने के एएसआइ लाल चंद ने बताया कि लक्की की मौत पर स्वजन ने सवाल उठाए थे। इस पर पुलिस ने वास्तविकता को उजागर कर उन्हें संतुष्ट किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जरूरी कार्रवाई अमल में लाई है।
