हिमखबर डेस्क
1 हिमाचल प्रदेश नेवल यूनिट एनसीसी, बिलासपुर द्वारा शिवा इंटरनेशनल स्कूल, घुमारवीं में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (ATC-228) का आज भव्य समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन सायंकाल आयोजित समापन समारोह में कैडेट्स द्वारा आकर्षक एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह के मुख्य अतिथि कैप्टेन (भारतीय नौसेना) कमलेंद्र शर्मा (सेवानिवृत्त) रहे। इस अवसर पर कमांडर आर.एस. वर्मा, कमांडर एस.एम. शर्मा, श्री पुरुषोत्तम शर्मा, प्रबंध निदेशक, शिवा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स तथा श्रीमती शिल्पा गोयल, प्रधानाचार्या, शिवा इंटरनेशनल स्कूल, घुमारवीं विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं स्वागत समारोह से हुआ। इसके उपरांत कैडेट्स द्वारा देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अन्य मनोरंजक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कैडेट्स की प्रस्तुतियों ने शिविर के दौरान उनके आत्मविश्वास, अनुशासन एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि कैप्टेन कमलेंद्र शर्मा ने कैडेट्स को सफल शिविर के लिए बधाई देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कैडेट्स से जीवन में सदैव अनुशासन, समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा को अपनाने का आह्वान किया।
कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने शिविर की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करते हुए बताया कि 10 दिवसीय शिविर में 20 विद्यालयों के 519 कैडेट्स ने भाग लिया। शिविर के दौरान परेड प्रशिक्षण, नेवल ओरिएंटेशन, वेपन ट्रेनिंग, फायरिंग, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताएं तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह के दौरान शिविर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त करने वाले कैडेट्स के चेहरे पर गर्व एवं उत्साह स्पष्ट दिखाई दे रहा था।
कैम्प कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले अतिथियों, विद्यालय प्रशासन, एएनओ, पीआई स्टाफ एवं सभी प्रतिभागी कैडेट्स का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुभव कैडेट्स के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ तथा कैडेट्स अपने साथ अनुशासन, नेतृत्व, मित्रता एवं अविस्मरणीय अनुभवों की अमूल्य यादें लेकर अपने-अपने विद्यालयों के लिए रवाना हुए।

