प्रभावितों के जख्मों पर लगाएंगे मरहम, बड़े ऐलान की उम्मीद, मुख्यमंत्री के दौरे से पहले डीसी एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा
शाहपुर – नितीश पठानियां
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को कांगड़ा जिला के अहम दौरे पर आ रहे हैं। उनका मुख्य फोकस शाहपुर क्षेत्र के बोह गांव में बादल फटने से आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना रहेगा।
मुख्यमंत्री सीधे ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करेंगे और पीडि़त परिवारों से मुलाकात कर हाल जानेंगे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री धर्मशाला में जिला के विकास कार्यों की नब्ज टटोलेंगे और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की उच्च स्तरीय समीक्षा करेंगे।
बोह में बादल फटने से करीब तीन दर्जन से अधिक लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। इस प्राकृतिक आपदा के कारण पूरे क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
मुख्यमंत्री का दौरा केवल आपदा प्रभावित क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं रहेगा। बोह में राहत कार्यों का जायजा लेने के बाद सीएम सुक्खू धर्मशाला पहुंचेंगे। यहां वे विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।

