हिमाचल प्रदेश के ज्वालामुखी में सरिये से लदा ट्रक पुल के पिलर से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिमखबर डेस्क
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी में मटौर-कांगड़ा-शिमला फोनलेन पर बलूग्लोआ के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां सरिये से लदा ट्रक फोरलेन के पुल के पिलर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक में लदे सरिये केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर के आर-पार हो गए। हादसे में ट्रक चालक प्रवीण कुमार (50) पुत्र पोरखी राम चैतड़ू निवासी की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक सरिया लेकर गगल की तरफ जा रहा था। बलूग्लोआ के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर फोरलेन के पुल के पिलर से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे का कारण ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
हादसे के बाद सड़क पर ट्रक और सरिया बिखरने से यातायात प्रभावित हो गया। कांगड़ा रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही ज्वालामुखी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
ट्रक में लदा सरिया चालक के शरीर में फंसा होने के कारण शव को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटे बाद शव को ट्रक से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद पुलिस ने शव को उप कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जेसीबी, पोकलेन की मदद से सड़क से हटाने का काम किया गया। ट्रक को हटाए जाने के बाद रास्ता यातायात के लिए खोला गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य हुई।

