
चम्बा- भूषण गुरुंग
चंबा में वीरवार को अब तक तीन हादसे हो चुके हैं। पहले हादसे में कार के खाई में गिरने से पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे हादसे में स्कूल से बच्चों को घर ले जा रही जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई है। वहीं तीसरे मामले में एक पिकअप के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक की मौत हो गई है।
बता दें कि साहो मार्ग पर एक जीप दुर्घटनाग्रस्त हुई है, जिसमें स्कूल के बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि यह स्कूल की बस नहीं थी। स्वजन की ओर से बच्चों को स्कूल से लाने-ले जाने के लिए निजी गाड़ी हायर की हुई थी। हादसा कैसे हुआ इसकी जानकारी नहीं लग पाई है।
जानकारी के अनुसार रोजमर्रा की तरह स्कूल से छुट्टी के बाद बच्चे बोलेरो गाड़ी से घर लौट रहे थे, इसी दौरान यह हादसा हो गया। इस सड़क हादसे में एक स्कूली बच्चे की मौत हो गई है और चालक समेत 10 बच्चे घायल बताएं जा रहे है।
हादसे के बाद निजी गाड़ियों व एंबुलेंस से घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद तीन बच्चों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही पायुक्त, उपमंडल अधिकारी, नायब तहसीलदार मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर अभिमन्यु वर्मा का कहना है कि घायल बच्चों का मेडिकल कालेज चंबा में उपचार चल रहा है। वहीं घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
