
व्यूरो रिपोर्ट
पर्यटन नगरी मनाली के एक निजी होटल में एक होटल कारोबारी ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को गोली मारने के बाद खुद पर भी गोली चला दी। इस सनसनीखेज वारदात में प्रेमी और पति दोनों की मौत हो गई है। जबकि महिला के बाजू में गोली लगी है। वह अस्पताल में दाखिल है।
पुलीस टीम मौके पर पहुंच गई है। कुल्लू से पुलिस अधीक्षक भी मनाली पहुंच रहे है। डीएसपी हेमराज ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना सुबह सात बजे की बताई जा रही है।
जब गोली चलने की आवाज सुनी तो होटल स्टाफ घटनास्थल की ओर दौड़ा। मौके पर खून से लथपथ दो लोग और एक महिला फर्श पर पड़े थे। तीनों के आपस में परिचित होने और कारोबारी संबंध होने के चलते आपसी लेनदेन और अवैध संबंध की दिशा में भी पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ा रही है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली की दो महिलाओं ने होटल को लीज पर लिया था। बीती रात दोनों महिलाओं ने एक दोस्त को डिनर पर बुलाया था। रात को एक महिला उस दोस्त के साथ कमरे में ठहरी थी। इसी बीच दिल्ली से दोस्त के साथ ठहरी महिला का पति मौके पर पहुंच गया।
पत्नी को अज्ञात व्यक्ति के साथ देख उससे झगड़ा करने लगा। महिला के पति ने आवेश में आकर पत्नी के दोस्त पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौत हो गई। दोस्त की मौत के बाद महिला के पति ने खुद को भी गोली मार दी है, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं महिला इस घटना में घायल बताई जा रही है।
एसपी गुरुदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही हैं। शव को कब्जे में ले लिया गया है। मौके पर पुलिस व फोरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। फ़िलहाल पुलिस ने मृतकों सहित घायल महिला की पहचान सांझा नहीं की है।
