
ब्यूरो – रिपोर्ट
हिमाचल प्रदेश के पंजाब राज्य की सीमा के साथ सटे विलासपुर शहर के लखनपुर वार्ड में पंजाब राज्य की पिकअप गाड़ी में सवार लोगों द्वारा दिन दिहाड़े नेशनल हाईवे किनारे पालतू गाय को चुराने का मामला सामने आया है।
शातिर इस घटना को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। यदि समय रहते लोगों को इसकी भनक नहीं लगती तो लखनपुर की महिला को अपनी गाय से हाथ धोना पड़ सकता था।
बताया जा रहा है कि लखनपुर निवासी वीना टंडन की पालतू गाय नेशनल हाईवे किनारे घास चर रही थी। इस दौरान पंजाब की पिकअप गाड़ी आई, जिसमें चालक सहित चार लोग सवार थे।
इन लोगों ने देखते ही देखते नेशनल हाईवे किनारे घास चर रही गाय को गाड़ी में डाल लिया।
वहीं, स्थानीय लोगों की नजर इस कारनामे पर पड़ गई, जिसके चलते अन्य लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए। उन्होंने पिकअप चालक को रंगे हाथों पकड़ लिया।
जब लोगों ने भी इस गाड़ी की चैकिंग ली तो इसमें महिला की पालतू गाय के अलावा अन्य गौवंश भी पाया गया। वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि पिकअप गाड़ी में अन्य गौवंश कहां से लाया गया है और कहां ले जाया जा रहा था।
