
व्यूरो रिपोर्ट
संतोषगढ़ नगर के बाबा कूजा मंदिर के नजदीक सोमवार शाम करीब छह बजे एचआरटीसी और निजी बस में मामूली टक्कर होने के कारण बवाल मच गया। निजी बस चालक एवं परिचालक ने एचआरटीसी बस चालक को पीट दिया। मारपीट की घटना के बाद निजी बस के चालक-परिचालक भाग निकले। इस वजह से दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
दरअसल, पंजाब के नंगल डैम का मार्ग बंद होने के कारण लंबे रूट और बड़े वाहन संतोषगढ़ मार्ग से होकर भेजे जा रहे हैं। रूट डायवर्ट के चलते सोमवार को एचआरटीसी की धर्मशाला से कालका जा रही बस जब वह संतोषगढ़ स्थित निजी मोटरसाइकिल एजेंसी के पास पहुंची तो उसी समय नूरपुर बेदी कलमां मोड़ पंजाब की तरफ से संतोषगढ़ आ रही निजी बस के साथ एचआरटीसी बस का कुछ हिस्सा टकरा गया।
निजी बस चालक व परिचालक ने गुस्से में आकर एचआरटीसी बस चालक की पिटाई कर दी। घटना के चलते नगर में लंबा जाम लग गया और पैदल चलने वाले राहगीरों का चलना भी मुश्किल हुआ। घटना सूचना एचआरटीसी चालक ने स्थानीय पुलिस चौकी को दी और पुलिस चौकी प्रभारी ने मौके पर जाकर एचआरटीसी चालक के बयान कलमबद्ध किए।
