
नालागढ़- सुभाष चंदेल
बद्दी के बिलांवाली गांव में गैस सिलैंडर के ब्लास्ट होने की घटना सामने आई है। ब्लास्ट के दौरान एक बच्ची, 2 महिलाएं व एक पुरुष चपेट में आ गए। ब्लास्ट के दौरान चपेट में आई बच्ची को उसकी मां बचा लिया लेकिन स्वयं बुरी तरह से झुलस गई।
बच्ची की मां और एक अन्य महिला को नाजुक हालत के चलते पीजीआई रैफर कर दिया गया है जबकि एक व्यक्ति को नालागढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना को लेकर बच्ची की मां ने अपने सास-ससुर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बिलांवाली निवासी जमील की बच्ची जब आंगन में खेल रही थी तो अचानक वहां रखा छोटा सिलैंडर फट गया। इस दैरान बच्ची आग की चपेट में आ गई। बच्ची की मां शहनाज उसे बचाने के लिए जैसे ही दौड़ी तो वह भी आग की चपेट में आ गई लेकिन उसने बच्ची को जलने से बचा लिया।
वहीं महिला को बचाने के लिए किराएदार अमजद मौके पर पहुंचा तो उसकी भी टांगें झुलस गईं। एक अन्य किराएदार महिला भी आग की चेपट में आ गई। किराएदार महिला को घायल अवस्था में पीजीआई ले जाया गया।
वहीं शहनाज व किराएदार अमजद को नालागढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर शहनाज की हालत नाजुक होने पर उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया।
डीएसपी नवदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने 336 के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
