राजबन के पास बाइक और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर होने से दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सिरमौर – नरेश कुमार राधे
पांवटा साहिब-शिलाई नेशनल हाईवे 707 पर राजबन (किशनकोट) के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां एक बाइक के पिकअप से टकरा जाने से 26 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक युवक की पहचान गांव मालगी निवासी विक्की उर्फ रांझा (26) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर राजबन की तरफ जा रहे थे, इसी दौरान किशनकोट के पास उनकी बाइक सामने से आ रही पिकअप गाड़ी से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विक्की को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक विक्की गांव मालगी का रहने वाला था। उसकी आकस्मिक मौत की खबर से पूरे गांव मालगी और सिरमौर में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

