हिमाचल के परवाणू में भारी बारिश के बाद बाढ़ का खौफनाक मंजर देखने को मिला। तेज पानी के बहाव में लोहे का गेट टूटकर बह गया और कई वाहन भी पानी की चपेट में आ गए। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
सोलन – रजनीश ठाकुर
हिमाचल प्रदेश में जारी आफत की बारिश के बीच सोलन जिले के परवाणू (सेक्टर-2) से एक बेहद हैरान और डरा देने वाला वीडियो सामने आया है। इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सड़क पर नदी की तरह बहते तेज पानी के सामने एक उद्योग का लोहे का गेट ताश के पत्तों की तरह खुलता नजर आया।
उद्योग के कर्मचारी जान जोखिम में डालकर लोहे के गेट को बंद रखने और पानी के दबाव को रोकने की भरसक कोशिश करते रहे, लेकिन पानी के भयानक हाइड्रोस्टेटिक दबाव के आगे इंसानी ताकत नाकाम साबित हुई और उफनता पानी पलक झपकते ही उद्योग परिसर में पहुंच गया। पानी का बहाव व दबाव इतना ज्यादा था कि परिसर में खड़े दोपहिया वाहन भी बहने लग पड़े। कर्मचारियों ने गेट छोड़कर वाहनों को संभाला।
सोलन के परवाणू क्षेत्र में दो दिन पहले भारी बारिश हुई थी। इस दौरान शिमला-चंडीगढ़ हाईवे पर भी तेजी से पानी बहने लगा व मलबा भी आ गया। इस कारण सेब मंडी के पास यातायात बाधित हो गया।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण शिमला कालका रेलवे ट्रैक भी क्षतिग्रस्त हो गया है। ट्रैक हवा में लटक रहा है, इसके नीचे की जमीन बह गई है। इसे दुरुस्त करने में रेलवे को काफी समय लगेगा। ट्रैक बाधित होने के कारण 400 यात्री फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू किया गया।

