चुराह ग्राम पंचायत देहरा और चांजू के ग्रामीणों ने मांग को लेकर उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन, चुरसेयो के पास डंगे की हालत सुधारो
चम्बा – भूषण गुरूंग
चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत देहरा व चांजू के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को उपायुक्त से मुलाकात कर बघेईगढ़ से चांजू मार्ग की बिगड़ी हालत और चुरसेयो के पास क्षतिग्रस्त डंगे का पुनर्निर्माण कर आवाजाही को सुगम व सुरक्षित करने की मांग उठाई है। उन्होंने इस आशय की मांग को लेकर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई अधिवक्ता जय सिंह ने की। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि बघेईगढ़ से चांजू मार्ग पर एक हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट से महज 50 मीटर की दूरी पर वर्ष 2017 में हुए भूस्खलन ने अब एक खौफनाक मंजर अख्तियार कर लिया है।

सात वर्ष बीत जाने के बाद भी लोक निर्माण विभाग इस सड़क की सुध लेने में नाकाम रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। बीते 14 अप्रैल को भी यहां दो बड़े हादसे होते-होते टले।
गनीमत रही कि चालकों की सूझबूझ से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर पहले भी कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

