जोगेंद्रनगर में गुंडागर्दी: HRTC कंडक्टर की पिटाई, स्कूटी हटाने को कहा तो बुला लिए बाउंसर, विधायक के ड्राइवर के बेटे पर आरोप

--Advertisement--

हिमखबर डेस्क

हिमाचल प्रदेश में एक मामूली विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। वारदात में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बस (HP 53 -8830) कंडक्टर पर बेरहमी से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया।

घटना उस वक्त हुई जब बस को रास्ते में खड़ी स्कूटी के कारण बस को आगे जाने में दिक्कत हो रही थी। कंडक्टर ने स्कूटी सवार से वाहन हटाने का अनुरोध किया, लेकिन यह बात आरोपी को नागवार गुजरी और वह गुस्से में आगबबूला हो गया।

ये, घटना  उस समय हुई जब ये बस शनिवार को खुड्डी से जोगिन्दर नगर जा रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले कंडक्टर के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।

इसके बाद उसने फोन कर जिम से अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में पहुंचे युवकों ने कंडक्टर पर योजनाबद्ध तरीके से हमला कर दिया और उसे तब तक पीटते रहे, जब तक वह गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ नहीं हो गया।

इस घटना के बाद एचआरटीसी कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि जब सरकारी कर्मचारी ही अपनी ड्यूटी के दौरान सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।

यह भी चर्चा में है कि मुख्य आरोपी किसी विधायक के ड्राइवर का बेटा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना के विरोध में एचआरटीसी कर्मियों ने संबंधित रूट पर चलने वाली तीन बस सेवाओं को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

कर्मचारी यूनियन और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

HRTC कंडक्टर यूनियन उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर के बोल 

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) कंडक्टर यूनियन के उपाध्यक्ष नवीन ठाकुर ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परिचालक (कंडक्टर) पर भारी दबाव बनाकर समझौता कराया गया, जबकि पीड़ित अब भी न्याय चाहता है और कार्रवाई की मांग कर रहा है।

नवीन ठाकुर के अनुसार, इस हमले के पीछे प्रकाश राणा के ड्राइवर के बेटे का हाथ बताया जा रहा है, जिसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर,फ़िलहाल पुलिस का पक्ष नहीं मिला है। पक्ष मिलने पर प्रकाशित किया जायेगा।

एचआरटीसी कर्मचारी महासंघ मीडिया प्रभारी ललित के बोल 

एचआरटीसी कर्मचारी महासंघ ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया है। संघ के मीडिया प्रभारी ललित ने बताया कि मामले की जानकारी प्रदेशाध्यक्ष को दे दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस और प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो परिवहन निगम के कर्मचारी बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

पुलिस की कार्रवाई शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यात्रियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर रही है ताकि सच्चाई का पता लगाया जा सके।

--Advertisement--
--Advertisement--

Share post:

Subscribe

--Advertisement--

Popular

More like this
Related

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के इलाके में BJP विधायक की ‘OPD’ पर विवाद, पुलिस के पहरे में हुआ इलाज

हिमखबर डेस्क हिमाचल प्रदेश के पांगी-भरमौर से विधायक और न्यूरोसर्जन...

ITI और 10वीं-12वीं पास युवाओं के लिए नौकरी का मौका, 22 अगस्त को होंगे साक्षात्कार

हमीरपुर में आईटीआई और 10वीं-12वीं पास युवाओं के साक्षात्कार...